बलरामपुर(हि.स.)। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के जद्दापुर ग्राम में 25 दिसम्बर की रात्रि को सोते समय धारदार हथियार सेे हुई अधेड़ की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो लोगों को नेपाल भागते समय गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने प्रेसवार्ता कर बताया कि जद्दापुर ग्राम में मनीराम (45 वर्ष) की 25 दिसम्बर की रात को धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी ने तहरीर दी, जिसमें उसने जद्दापुर के ही निवासी धनीराम और उसकी पत्नी, सूर्यप्रकाश की पत्नी इन तीन लोगों को नामजद किया था। पुलिस इन्ही अभियुक्तों को केन्द्र में रख विवेचना कर रही थी।
विवेचना में सर्विलांस रिपोर्ट आधार पर प्रकाश में सुर्यप्रकाश व पप्पू गुप्ता आये। जिन्हें बुधवार की सुबह जरवा रोड मनकौरा कानूनगो तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया है। ये दोनों नेपाल भागने की फिराक में थे।
पूछताछ में अभियुक्तों ने मृतक मनीराम की हत्या स्वीकारते हुये बताया कि मृतक मनीराम से जमीन का पुराना विवाद था, जिसके संबंध में अकसर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। दोनों ने मिलकर इकौना में हत्या करने की साजिश रची थी। इनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त उपकरण बरामद कर लिया गया है। दोनों को जेल भेजा गया है।
