संवाददाता
बहराइच। जनपद में संचालित राष्ट्रीय पोषण माह के अन्तर्गत मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश आश्रम योजना के तहत प्रत्येक सात विकास खण्डों के 02-02 अति कुपोषित बच्चों के इच्छुक अभिभावकों को 01-01 गाय तथा उसके भरण पोषण हेतु 900 रुपए प्रतिमाह प्रदान किया जायेगा। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने बताया कि उक्त योजना के तहत अब तक 14 गायें उपलब्ध करायी जा चुकी हैं।
उन्हांने बताया कि विकास खण्ड तेजवापुर के ग्राम शेखदहीर की खुशी व सिसई हैदर के अंकेश, फखरपुर ब्लाक के ग्राम घरवा सरकी की दिव्यांशी व आदर्श, नवाबगंज ब्लाक के ग्राम पीरनसकरूद्दीनपुर की रागिनी व सोरहिया की रूबी, चित्तौरा ब्लाक के ग्राम ताजखुदाई की नैना व नाज़िया, बलहा ब्लाक के ग्राम सिलेटनगंज कर रजनी व मेहरबाननगर के अमित, शिवपुर ब्लाक के ग्राम खैराकला की सोनी व बसन्तापुर के गणेश तथा मिहींपुरवा ब्लाक के ग्राम रायबोझा की श्वेता सिंह व गोपिया की छाया के माता-पिता को 01-01 गाय उपलब्ध करायी गयी है। ताकि इन परिवारों के बच्चों के स्वास्थ्य में तीव्र गति से सुधार हो सके।
जिला कार्यक्रम अधिकारी जीडी यादव ने बताया कि जिलाधिकारी शम्भु कुमार व मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना के कुशल मार्गदर्शन में संचालित पोषण माह के दौरान कन्वर्जेन्स विभागों के सहयोग से ‘पोषण प्लस’ के रूप में वाटिका/किचेन गार्डेन का लक्ष्य पूर्ण करने के लिए बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अब तक जनपद के 3094 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर अति कुपोषित बच्चों के घर पर पोषण वाटिका/किचेन गार्डेन/वृक्षारोपण कराया गया, जिससे कुपोषित बच्चों के परिवार को आंगनबाड़ी केन्द्र तथा उनके घर पर ही हरी भरी पोषक साग-सब्जियां उपलब्ध हो सके। प्रत्येक विकास खण्ड के 20-20 अति कुपोषित बच्चों के लिए सहजन के पौध तथा पोषक सब्जियों के बीज किट जिला उद्यान विभाग के सहयोग से बाल विकास विभाग द्वारा लाभार्थियों को उपलब्ध कराया गया।
