संवाददाता
बहराइच। कोविड-19 एवं बाढ़ राहत कार्य के अनुश्रवण हेतु शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी विशेष सचिव पंचायती राज राकेश कुमार ने नान कोविड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नानपारा एवं एल-1 कोविड केयर सेन्टर, राजकीय महिला पॉलीटेक्निक, रिसिया का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। एल-1 कोविड केयर सेन्टर, राजकीय महिला पॉलीटेक्निक, रिसिया के निरीक्षण के दौरान डॉ. रंजीत सिंह द्वारा बताया कि यहॉ पर 59 मरीज़ भर्ती हैं आज 07 मरीज़ों को डिस्चार्ज किया गया है। कोई भी मरीज़ गम्भीर प्रकृति का नहीं है। डॉ. सिंह ने बताया कि पूर्व में चाराब आर.ओ. के ठीक हो जाने से पीने के पानी की समस्या नहीं है। नोडल अधिकारी ने निर्देश दिया कि मरीजों को पौष्टिक भोजन देने के साथ ठोस नाश्ता उपलब्घ कराया जाय। साथ ही अपने को सुरक्षित रखते हुए पी.पी.ई. किट पहनकर ही हास्पिटल में प्रवेश करें, प्रतिदिन परिसर की साफ-सफाई एवं सैनिटाइज करायें।
नान कोविड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, नानपारा के निरीक्षण के दौरान कोविड हेल्प डेस्क तथा कोविड उपचार से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं का नोडल अधिकारी ने जायज़ा लिया। मौके पर मौजूद डॉ. संतोष यादव ने बताया वर्तमान में 12 मरीज़ एक्टिव है जिसमें से 06 मरीज़ एल-1 में 06 मरीज़ होम आईसोलेट हैं। निरीक्षण के दौरान हास्पिटल में साफ-सफाई ठीक पाई गई तथा कोविड हेल्प डेस्क के माध्यम से हास्पिटल परिसर में आगंतुको का परीक्षण किया जा रहा है। नोडल अधिकारी ने निर्देश दिया कि अपने को सुरक्षित रखते हुए पी.पी.ई. किट पहनकर ही हास्पिटल में प्रवेश करें, प्रतिदिन परिसर की साफ-सफाई एवं सैनिटाइज करायें। निरीक्षण के समय नायब तहसीलदार-नानपारा तथा नोडल अधिकारी के लाईज़न आफिसर पंकज शर्मा मौजूद रहे।
