02 केन्द्र प्रभारी हुए निलम्बित, 03 सचिवों को मिली प्रतिकूल प्रविष्टि
02 क्रय केन्द्रों पर बिचैलियों के विरुद्ध दर्ज हुई एफआईआर
संवाददाता
बहराइच। अपर जिलाधिकारी/जिला खरीद अधिकारी जयचन्द्र पाण्डेय ने बताया कि जनपद में धान खरीद में लापरवाही बरतने वाले केन्द्र प्रभारियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जा रही है, जिसमें यूपी स्टेट एग्रो संस्था द्वारा संचालित धान क्रय केन्द्र-मटेरा एवं नवाबगंज के केन्द्र प्रभारी के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। पीसीएफ संस्था के केन्द्र डिहवा शेर बहादुर के केन्द्र प्रभारी द्वारा खरीद में लापरवाही बरतने के कारण मुकदमा दर्ज कराया गया तथा एक धान क्रय केन्द्र प्रभारी को निलम्बित, तीन सचिव को प्रतिकूल प्रविष्ट जारी की गयी। इसी प्रकार पीसीयू.संस्था के धान क्रय केन्द-संघ कटहा के केन्द्र प्रभारी को निलम्बित किया गया। बिचैलियों के विरूद्ध भी प्रशासन द्वारा गहन जांच पड़ताल की जा रही है, जिसमें बहराइच मण्डी में संचालित धान क्रय केन्द्र कृषि उत्पादन मण्डी समिति एवं केन्द्र-विशेश्वरगंज पर बिचैलियों को पकड़कर उनके विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। क्रय संस्थाओं के जिला प्रबंधकों को सम्बन्धित केन्द्रों पर धान क्रय में तेजी लाने तथा सतत निगरानी रखे जाने हेतु 14 नोटिस एवं 07 स्पष्टीकरण जारी किया गया है। पाण्डेय ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत जनपद में धान की खरीद प्रारम्भ है। सरकार की मंशा किसानों को उनकी उपज का समुचित मूल्य दिलाये जाने एवं धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य से किसानों को लाभान्वित करने की है। इस हेतु वृहद पैमाने पर योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। समस्त एजेंसियों के केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिये गये है कि अधिक से अधिक लघु/सीमान्त कृषकों को प्राथमिकता के आधार पर पहले धान की तौल करायी जाये, जिससे जनपद में संचालित समस्त धान क्रय केन्द्रों द्वारा तेजी से लक्ष्य की प्राप्ति की जा सके।
पाण्डेय ने बताया कि जनपद में धान खरीद सम्बन्धी समस्याओं के निराकरण हेतु कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कन्ट्रोल रूम नम्बर 7839565038 एवं 9958758863 है, जिस पर कृषक बन्धुओं के धान खरीद सम्बन्धी समस्या का निराकरण कराया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार जनपद के जिला स्तरीय अधिकारी/ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को नोडल के रूप में पर्यवेक्षण/निरीक्षण कराया जा रहा है। जनपद में समितियों के धान क्रय केन्द्रों पर ए.डी.सी.ओ./ए.डी.ओ. की तैनाती की गयी है, जो प्रति केन्द्रों की समुचित निगरानी करेंगे। साथ ही समस्त धान क्रय केन्द्रों पर लेखपालो की ड्यूटी लगायी गयी है, जो प्रतिदिन अपने केन्द्रों की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिला खरीद अधिकारी को प्राप्त करायेंगे। खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में 21 नवम्बर 2019 तक 1120 किसानो ंसे 8169.70 मी. टन धान खरीद की गयी थी, जबकि वर्तमान वर्ष 2020-21 में 21 नवम्बर तक कुल 4897 कृषकों से 25540.13 मी. टन धान खरीद की जा चुकी है, जो कि विगत वर्ष की तुलना में लगभग 03 गुना अधिक क्रय किया जा चुका है।
