एएनएम प्रमिला के भगीरथ प्रयास से मिली यह सफलता
संवाददाता
बहराइच। ठेठ हरियाणवी बोली, ‘देख ताई टीका तो लगवाना पड़ेगा, चाहे आज लगवा लो चाहे कल, जब तक हम हैं किसी को बीमार नहीं होने देंगे।‘ बातों से ही लगता है, जो एक बार ठान लिया, उसे करके रहेंगी। लोगों की सेहत, सुरक्षा का ऐसा जुनून कि बारिश और सैलाब भी इनके कदमों को रोक नहीं पाया। कोविड वैक्सीन की भ्रांतियों ने भी इनके आगे घुटने टेक दिये। आधी आबादी की यह नायिका जब पीठ पर काला बैग और हाथों में वैक्सीन कैरियर लेकर निकली, तो जिंदगी मुस्करा उठी। इनके भगीरथ प्रयास का ही परिणाम है कि आज साईं गाँव में 18 साल से ऊपर का ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है, जिसे कोविड की वैक्सीन न लगी हो। गृह जनपद हरियाणा से 800 किमी दूर प्रमिला की पहली पोस्टिंग साईं गाँव स्वास्थ्य उप केंद्र पर एएनएम के रूप में हुई। बतौर प्रमिला जब कोविड की वैक्सीन आयी तब ऐसा लगा कि लोगों की भीड़ लग जाएगी, लेकिन भ्रांतियों के चलते कुछ लोग साफ तौर पर इंकार कर देते थे और कुछ तो दुर्व्यवहार पर उतर आते थे। इसके लिए कई बार पुलिस का भी सहारा लेना पड़ा। प्रमिला कहती हैं कि चुनौतियाँ दोनों तरफ थीं। एक तरफ लोग टीका लगवाना नहीं चाहते थे, वहीं दूसरी ओर कुदरत का कहर भी सामने था। हर साल की तरह घाघरा नदी का सैलाब रास्ते का रोड़ा बना था। ऐसे में बारिश और घुटनों से ऊपर पानी में पैदल ही रास्ता तय करना था, लेकिन प्रमिला ने हार नहीं मानी। वह कहती हैं कि यही वह समय था, जब लोगों को वैक्सीन का महत्व समझ में आ सकता था। ग्राम पंचायत साईं गाँव की कुल आबादी 2580 है, जिसमें 18 वर्ष से ऊपर 1686 लोग हैं। इनमें एक गर्भवती महिला जिनको 28 दिन बाद ही कोविड वैक्सीन दी जा सकती है, को छोड़ कर शेष 1685 लोगों को कोविड वैक्सीन लग चुकी है। प्रमिला का कहना है कि आने वाले समय में उपकेंद्र के शेष दो ग्राम पंचायतों में भी सभी को टीका लग जाएगा।
यह भी पढ़ें : स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग के प्रभारी नामित हुए सूरज पटेल
एएनएम प्रमिला ने बताया कि गाँव की तीनों आशा अर्चना पाण्डेय, सीमा पाण्डेय व पन्ना मिश्रा के सहयोग से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों की लिस्ट बनवायी गयी। जिन लोगों को टीके को लेकर भ्रांतियाँ थी उनके लिए ग्राम प्रधान व स्थानीय निवासी सूरज मिश्रा का सहयोग लिया गया। इसके अलावा जनपद मुख्यालय से डबल्यूएचओ के एसएमओ विपिन लिखोरे, सीएचसी अधीक्षक डॉ प्रत्यूष मिश्रा, डीएचईआईओ बृजेश सिंह ने भी भ्रांतियों को तोड़ने में पूरा सहयोग किया। ग्राम पंचायत साईं गाँव के प्रधान रामकरन पाण्डेय का कहना है कि लोगों का विरोध और मौसम की चुनौतियों के बाद भी गाँव के सभी को कोविड टीका लगाने के लिए एएनएम बहन जी और आशा के प्रयासों को गाँव कभी नहीं भूल पाएगा। आज गाँव के हर बच्चे के चेहरे की मुस्कान एएनएम बहन जी को आशीष देते हैं।

यह भी पढ़ें : नियमित टीकाकरण में फिसड्डी प्रभारी चिकित्साधिकारियों से जवाब तलब
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
