संवाददाता
बहराइच। भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने डीडीसी अध्यक्ष पद के लिए वार्ड 49 से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य मंजू सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। बुधवार रात प्रत्याशी घोषित होते ही भाजपा की चुनाव कमेटी की हलचल तेज हो गई है। गुरुवार को हरिहरपुर रैक्वारी स्थित आवास पर चुनाव को लेकर बैठक कर रणनीति बनाई गई है। पूर्व विधायक व पूर्व एमएलसी अरुणवीर सिंह के अनुज अतुलवीर सिंह की धर्म पत्नी मंजू सिंह ने डीडीसी चुनाव के जरिए राजनैतिक जीवन में पदार्पण किया है। भाजपा प्रत्याशी मंजू सिंह के परिवार की राजनैतिक पृष्ठभूमि रही है। उनके जेठ कुंवर अरुणवीर सिंह सन 1993,1996 में सपा से विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2012 में एमएलसी निर्वाचित हुए। वर्ष 2014 में कैसरगंज सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह के साथ भाजपा में शामिल हुए। पिछले विधान सभा चुनाव में वह मामूली मतों के अन्तर से मटेरा विधान सभा क्षेत्र से चुनाव हार गए थे। ऐन नामांकन के दौरान उनके नाम की घोषणा से उन्हें चुनाव प्रचार को कम समय मिल सका था। राजनैतिक पृष्ठभूमि के अलावा सामाजिक, पर्यावरण, वन्यजीव संरक्षण आदि गतिविधियों में यह परिवार सहभागिता करता रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम करन टेकड़ीवाल ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद कार्यकर्ता अभियान में जुट गए हैं।
नेहा अजीज सपा प्रत्याशी घोषित
समाजवादी पार्टी ने भी अपना समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिया है। सपा की ओर से वार्ड नंबर 39 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतीं नेहा अजीज पत्नी मेराज अजीज को जिला पंचायत अध्यक्ष का प्रत्याशी बनाया गया है। नेहा के पति मेराज अजीज का राजनीतिक सफर काफी मजबूत रहा है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जफर उल्ला खां बंटी ने बताया कि रिसिया-चित्तौरा ब्लॉक के वार्ड नंबर 39 से चुनाव जीत कर जिला पंचायत सदस्य बनी नेहा अजीज पत्नी मेराज अजीज को प्रदेश नेतृत्व ने जिला पंचायत अध्यक्ष का प्रत्याशी बनाया है। वह अध्यक्ष पद की एक योग्य शिक्षित उम्मीदवार हैं। 32 वोटों के जादुई आंकड़े को छूने के लिए सपा के पर्याप्त समर्थन है। 23 सपा समर्थित प्रत्याशी जिला पंचायत का चुनाव जीते हैं, जबकि 4 अन्य सपा के कार्यकर्ताओं ने जीत हासिल की है। इसके साथ ही कई अन्य जिला पंचायत सदस्य समर्थन में हैं।
यह भी पढें : तो इसलिए सस्पेंड हो गए एक साथ 14 पुलिसकर्मी
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
