अधिकारियों की टीम ने रैन बसेरों व अलाव व्यवस्था का लिया जायज़ा
संवाददाता
बहराइच। शासन के निर्देश पर शीत लहर व कड़ाके की ठण्ड के दृष्टिगत रैन बसेरों व अलाव की व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के उद्देश्य से शुक्रवार को देर रात्रि अपर जिलाधिकारी जयचन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी सदर सौरभ गंगवार आई.ए.एस., तहसीलदार राजेश कुमार बैठा, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद बहराइच पवन कुमार व अन्य अधिकारियों द्वारा नगर के भ्रमण के दौरान निर्धन, असहाय, निराश्रितों व ज़रूरतमन्दों को कम्बल का वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि अपर जिलाधिकारी ने अन्य अधिकारियों के साथ महर्षि बालार्क जिला चिकित्सालय परिसर के भ्रमण के दौरान चिकित्सालय में स्थापित रैन बसेरे का निरीक्षण कर वहॉ की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा मौजूद ज़रूरतमन्द तीमारदारों को कम्बल का वितरण किया गया। इसके उपरान्त डिगिहा तिराहे पर सड़क के किनारे मौजूद ज़रूरतमन्द व असहायों को कम्बल का वितरण करने के उपरान्त अधिकारियों की टीम ने दरगाह शरीफ ज़ंजीरी गेट व भिनगा बस स्टैण्ड पहुॅच कर वहॉ मौजूद गरीबजनों को कम्बल का वितरण किया। दरगाह शरीफ से रोडवेज़ की ओर आते हुए घण्टाघर चैराहे पर सड़क की पटरी पर बथुआ बेचने वाली महिलाओं एवं वृद्धजनों को तथा पीपल तिराहा पर कम्बल वितरण किया गया। इसके उपरान्त अधिकारियों की टीम ने पीपल तिराहा होते हुए रोडवेज़ बस स्टैण्ड पहुॅचकर रैन बसेरे की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा गरीब, असहाय व मुसाफिरों को कम्बल का वितरण किया।

रैन बसेरे में शिफ्ट करायी गयी निराश्रित वृद्ध महिला
शासन के निर्देश पर शीत लहर व कड़ाके की ठण्ड के दृष्टिगत रैन बसेरों व अलाव की व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के उद्देश्य से शुक्रवार को देर रात्रि अपर जिलाधिकारी जयचन्द्र पाण्डेय व उप जिलाधिकारी सदर सौरभ गंगवार आई.ए.एस. जब अन्य अधिकारियों के साथ महर्षि बालार्क जिला चिकित्सालय परिसर पहुॅचने पर देखा कि सर्दी के मौसम में एक वृद्ध निराश्रित महिला पेड़ के नीचे लेटी हुई है। अपर जिलाधिकारी व उप जिलाधिकारी ने तत्काल महिला के पास जाकर उसका हाल-चाल जाना तथा 02 कम्बल ओढ़ाकर तत्काल व्हील चेयर पर बैठा कर निराश्रित महिला को चिकित्सालय के रैन बसेरे में शिफ्ट कर अपने समक्ष उसे भोजन भी कराया।
यह भी पढ़ें : लग्जरी गाड़ियों से लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
