संवाददाता
बहराइच। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2021 के आधार पर जनपद में संचालित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य का जायजा लेने के उद्देश्य से जनपद भ्रमण पर आये रोल प्रेक्षक देवीपाटन मण्डल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों व राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में अपेक्षा की कि सभी राजनैतिक दल विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में सहयोग प्रदान करें ताकि भारत निर्वाचन आयोग की मंशानुरूप जिले में त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
आयुक्त ने सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि बूथ लेबिल कार्यकर्ताओं की मतदान केन्द्रवार सूची तैयार करा कर उपलब्ध करा दें ताकि मतदान केन्द्रों पर तैनात बूथ लेबिल अधिकारी बीएलए. के सहयोग से सुव्यवस्थित ढंग से पुनरीक्षण कार्य को सम्पन्न करा सकें। पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिया कि विलोपन की कार्यवाही निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पादित करें। आयुक्त ने यह भी सुझाव दिया कि सम्बन्धित विभागों से मृतक पेंशन लाभार्थियों की सूची प्राप्त कर मतदाता सूची से भी नाम हटाने की कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जनपद में आने वाले सभी अर्ह प्रवासी श्रमिकों के नाम भी भी मतदाता सूची में शामिल करने की कार्यवाही की जाय। समीक्षा के दौरान आयुक्त ने समस्त उप जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी सत्यापन कर लिया जाय और जहॉ पर छोटी-मोटी कमियां पायी जाएं, उन्हें दुरुस्त करा दिया जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ऐसे मतदान केन्द्र जहां पर आने जाने का एक ही रास्ता है, वहां पर आने व जाने के अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार की व्यवस्था की जाय। आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान ईपिक रेशियों को भी आयोग के मानक के अनुसार मेनेटेन करने की कार्यवाही की जाय।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शम्भु कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, अपर जिलाधिकारी जयचन्द्र पाण्डेय, मुख्य राजस्व अधिकारी प्रदीप कुमार यादव, नगर मजिस्ट्रेट जय प्रकाश, उप जिलाधिकारी सदर सौरभ गंगवार., नानपारा के सूरज पटेल, कैसरगंज के महेश कुमार कैथल, महसी के एसएन त्रिपाठी, पयागपुर के कीर्ति प्रकाश भारती, मिहींपुरवा (मोतीपुर) के ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी शोभाराम वर्मा व अन्य सम्बन्धित अधिकारी, सांसद बहराइच के प्रतिनिधि बैजू रस्तोगी, भाजपा से राघवेन्द्र प्रताप सिंह, कांग्रेस से मुकुन्द्र शुक्ला, सपा के ज़फरउल्ला खॉ, बीएसपी. के आतिफ खां, एनसीपी के राजू श्रीवास्तव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से सिद्धनाथ श्रीवास्तव एडवोकेट, राष्ट्रीय लोकदल से अज़ीमउल्ला सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
