संवाददाता
बहराइच। जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने उप जिलाधिकारी सदर सौरभ गंगवार आई.ए.एस., नानपारा के सूरज पटेल आई.ए.एस., मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव, डी.पी.एम. एन.एच.एम. सरजू खान व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रिसिया का औचक निरीक्षण कर अस्पताल भवन व परिसर की साफ-सफाई, चिकित्सालय की ओर से मरीज़ों व उनके तीमारदारों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं इत्यादि के बारे जानकारी प्राप्त की। परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री कुमार ने नगर पंचायत रिसिया को निर्देश दिया कि सीएचसी को कस्बे से जोड़ने वाले मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र कराया जाय। साथ ही चिकित्सालय में रिक्त पड़े स्थान पर यथा आवश्यक इण्टरलाकिंग, उद्यान तथा पौधरोपण का कार्य कराकर परिसर को सुन्दर बनाया जाय। हैण्डपम्प के पास जलभराव की समस्या के समाधान के लिए सोकपिट का भी निर्माण कराया जाय।
यह भी पढ़ें : माह के अंत तक जिले में आ सकती है कोरोना वैक्सीन
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए ओपीडी, लेबर रूम, सभी वार्डों, वैक्सीन वितरण कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, किचेन, मुख्यमंत्री पोषण घर व औषधि वितरण कक्ष इत्यादि का सघन निरीक्षण कर मरीज़ों तथा उनके तीमारदारों से स्वास्थ्य सेवाओं का फीड बैक प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अतुल श्रीवास्तव को निर्देश दिया कि चिकित्सालय में आने वाले सभी मरीज़ों को शासन की मंशानुसार चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाये। मुख्यमंत्री पोषण घर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती बच्चों को खिलौना किट व एनर्जी ड्रिंक तथा बच्चों की माताओं को सेनेटाइज़र व मास्क का वितरण किया। तत्पश्चात एम.ओ.आई.सी. कक्ष में स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। सी.एच.सी. के निरीक्षण के दौरान चेयरमैन नगर पंचायत रिसिया महमूद अहमद, ई.ओ. शैलेन्द्र मिश्रा, डी.सी.पी.एम. मोहम्मद राशिद, डी.डी.एच.ई.आई.ओ. बृजेश सिंह, सी.डी.पी.ओ. ऐश्वर्या सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : पाद वृत्तासन में बनाया विश्व रिकार्ड, DIG ने किया सम्मानित

इसके बाद सभी अधिकारी उप स्वास्थ्य केन्द्र रघुनाथपुर पहुंचे और यहां का निरीक्षण कर उपकेन्द्र द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं व प्रसवों इत्यादि के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान को निर्देश दिया कि संस्थागत प्रसव हेतु लोगों को जागरूक करें तथा स्वास्थ्य उप केन्द्र के संचालन में सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप केन्द्र पर भर्ती मरीज़ों व तीमारदारों तथा ग्रामवासियों से उपकेन्द्र द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं का फीड बैक भी प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान कोई भी प्रतिकूल तथ्य प्रकाश में नहीं आया। स्वास्थ्य उप केन्द्र के निरीक्षण के दौरान डी.सी.पी.एम. मोहम्मद राशिद, डी.डी.एच.ई.आई.ओ. बृजेश सिंह, सीडीपीओ ऐश्वर्या सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : श्रम विभाग में निःशुल्क पंजीकरण कराएं निर्माण श्रमिक : एडीएम
