संवाददाता
बहराइच। वृहद गो संरक्षण केन्द्र कुण्डासर में प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, अस्थाई गो आश्रय स्थल लक्खा बौण्डी, तजवापुर में विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, अस्थाई गो आश्रय स्थल मोतीपुर में विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर, अस्थाई गो आश्रय स्थल सोहरियावां पयागपुर में विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी के प्रतिनिधि निंशक त्रिपाठी, अस्थाई गो आश्रय स्थल सोरहिया नवाबगंज में विधायक नानपारा श्रीमती माधुरी वर्मा के प्रतिनिधि तथा अन्य स्थलों पर भी जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के नेतृत्व में विधिवत पूजा अर्चना के साथ गोपाष्टमी का पर्व मनाया गया। वृहद गो संरक्षण केन्द्र कुण्डासर में प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने काऊ ढंग लाग मशीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री ने कहा कि वृहद गो संरक्षण केन्द्र कुण्डासर में काऊ डंग लाग मशीन की स्थापना से गो संरक्षण केन्द्र स्वावलम्बी बनेगा और दूसरे लोगों को भी रोज़गार प्राप्त होगा।
यह जानकारी देते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बलवन्त सिंह ने बताया कि जनपद बहराइच के समस्त अस्थाई, स्थाई एवं कान्हा गो आश्रय स्थलों पर पूरे विधि विधान के साथ गोपाष्टमी पर्व मनाया गया। डॉ. सिंह ने बताया कि गोपाष्टी पर्व के दौरान गो पूजन के उपरान्त मौजूद अतिथियों व अन्य गणमान्य जनों द्वारा गो संरक्षण का संकल्प लिया गया तथा आश्रय स्थल में मौजूद सभी पशुओं को गुड, हरा चारा व चनी चोकर आदि खिलाया गया। डॉ. सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी शम्भु कुमार के दिशा निर्देशन में आयोजित किये गये गोपाष्टमी पर्व को सफलतापूर्वक संचालित करने में पशुपालन, ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा ग्राम प्रधानों द्वारा सराहनीय सहयोग प्रदान किया गया।

