Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसाइकिल गई पश्चिम बंगाल, जनता ने अखिलेश को वोट न देकर किया...

साइकिल गई पश्चिम बंगाल, जनता ने अखिलेश को वोट न देकर किया कंगाल : केशव प्रसाद मौर्य

प्रयागराज (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को मतदान करने के उपरान्त पत्रकारों से कहा कि साइकिल चली गई पश्चिम बंगाल और मतदाताओं ने वोट न देकर अखिलेश यादव को किया कंगाल। इसके बाद डिप्टी सीएम बस्ती के लिए निकल गये।

यह जानकारी पार्षद पवन श्रीवास्तव ने देते हुए बताया कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज प्रातःकाल सिराथू स्थित मां शीतला धाम में पूजन अर्चन और अपने परिवार के श्रेष्ठ जनों का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने चुनावी क्षेत्र के मतदान स्थल का निरीक्षण करते हुए वायुयान द्वारा पुलिस लाइन प्रयागराज पहुंचे। सिविल लाइंस स्थित अपने मतदेय स्थल ज्वाला देवी इंटर कॉलेज पहुंच कर 259 नंबर बूथ पर अपना मतदान कर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बस्ती जिले में आयोजित चुनावी सभा में सम्मिलित होने के लिए वायुयान द्वारा रवाना हो गए।

उन्होंने बताया कि मतदान करने के उपरांत डिप्टी सीएम ने संवाददाताओं से रूबरू होते हुए कहा कि साइकिल चली गई पश्चिम बंगाल और मतदाताओं ने वोट न देकर अखिलेश यादव को किया कंगाल। उन्होंने संवाददाता बंधुओं के प्रश्नों का जवाब देते हुए यह भी कहा कि 2014, 2017 एवं 2019 के चुनाव में अखिलेश यादव द्वारा जीत के दावों की हवा निकल गई है। जो खोदा पहाड़ निकली चुहिया की तरह है। भारतीय जनता पार्टी 2017 के इतिहास को दोहराते हुए 300 पार की पुनः सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने चलते-चलते कहा कि 10 मार्च की करो तैयारी आ रहे हैं भगवाधारी। उक्त अवसर पर महामंत्री कुंज बिहारी मिश्रा, पार्षद पवन श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष विजय श्रीवास्तव, संदीप चौहान, रितेश, रजनीकांत एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular