Friday, March 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेश84 कोसी परिक्रमा मार्ग को 227 बी नेशनल हाइवे के नाम से...

84 कोसी परिक्रमा मार्ग को 227 बी नेशनल हाइवे के नाम से पहचाना जाएगा : केशव प्रसाद

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग के मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या में 84 कोसी परिक्रमा मार्ग को 227 बी नेशनल हाइवे के नाम से पहचाना जाएगा। परिक्रमा मार्ग ऐतिहासिक बनेगा और इसे पर्यटन, रोजगार और व्यापार के दृष्टिकोण से उपयोगी बनाया जायेगा।

उपमुख्यमंत्री ने 84 कोसी परिक्रमा मार्ग को नये स्वरूप में धरातल पर उतारने के लिये लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में अयोध्या, अम्बेडकरनगर, गोण्डा, बाराबंकी व बस्ती के सांसदों, विधायकों व जिलाधिकारियों से सुझाव मांगे गये। इस अवसर पर 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का विभाग द्वारा प्रजेंटेशन भी किया गया।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि परिक्रमा मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक, पौराणिक व पर्यटन के स्थलों की झांकी दर्शायी जाएगी। मार्ग के आस-पास पड़ने वाले पौराणिक व धार्मिक स्थलों को लिंक मार्ग से जोड़ा जायेगा। 84 कोसी परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाले सभी पांच जिलों में जिलास्तर से एक-एक नोडल अधिकारी बनाया जायेगा। मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये जगह-जगह हाल्ट भी बनाये जायेंगे।

परिक्रमा मार्ग के बारे में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किये जाने वाले इस मार्ग के किनारे रामायणकालीन वृक्षों का रोपण किया जायेगा। रामायणकालीन कथाओं का चित्रण करने वाली व तत्कालीन ऋषिओं, मुनियों की झांकियों व तत्समय की घटनाओं का सुन्दर व मनोहारी चित्रण किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि इसका सर्वे ड्रोन के माध्यम से अत्याधुनिक तकनीकी से कराकर एलाइन्मेन्ट इस माह के अन्त तक जरूर करा लिया जाये। जो भी कन्सल्टेन्ट व अधिकारी जांये, तो वहां पर सम्बन्घित क्षेत्र के जनप्रतिधियों को जरूर बुलाया जाये। इस मार्ग का निर्माण शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना है। जमीन अधिग्रहण व मुआवजा आदि वितरण की कार्यवाही तीव्र गति से कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। अक्टूबर माह में इसके शिलान्यास कराये जाने की तैयारी की जाये।

उन्होंने कहा कि यूटिलिटी शिफ्टिंग की भी प्रभावी व ठोस रणनीति बनाकर कार्य सुनिश्चित किया जाये। इस परिक्रमा मार्ग पर पांच जिलों की 112 ग्राम सभाएं आएगी। 84 कोसी परिक्रमा बस्ती जिले के मखौड़ा ग्राम से शुरूआत होती है। यहां पर भी ठहरने आदि की व्यवस्था के लिये सुविधाजनक विकास किया जायेगा।

बैठक में कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री, राज्यमंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय, अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह, बस्ती सांसद हरीश द्विवेदी, विधायक प्रतीक भूषण सिंह, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण सहित विभागीय अधिकारी एवं विभिन्न जनपदोें के जिलाधिकारी मौजूद रहें।

RELATED ARTICLES

Most Popular