Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेश70 सालों में कांग्रेस ने जो किया वही देख रही प्रियंका वाड्रा...

70 सालों में कांग्रेस ने जो किया वही देख रही प्रियंका वाड्रा : सत्यदेव पचौरी

– योगी सरकार के साढ़े चार वर्ष पूरे होने पर प्रियंका ने किया था ट्वीट

कानपुर (हि.स.)। कांग्रेस और गांधी परिवार की नीतियों से देश का विकास नहीं हो पाया और भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा। जनता अब जागरुक हुई तो चहुंओर विकास हो रहा है। इसके बावजूद कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ट्वीट कर योगी सरकार को घेरने का काम कर रही हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है कि 70 सालों में कांग्रेस ने जो किया है वही प्रियंका को दिख रहा है। यह बातें रविवार को सर्किट हाउस में शहर सांसद सत्यदेव पचौरी ने कही।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के साढ़े चार वर्ष पूरे होने पर रविवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर शहर सांसद व पूर्व कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान मीडिया ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के उस ट्वीट पर सवाल कर दिया जिसमें प्रियंका ने लिखा कि योगी सरकार ने जनता के साथ छलावा किया है। इस पर सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों तक राज किया और उनके राज में जनता को कभी सर्वोपरि पर नहीं रखा गया। इसी के चलते जागरुक हुई जनता ने केन्द्र में मोदी सरकार और प्रदेश में योगी सरकार को आर्शीवाद दिया और अब समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को योजनाओं के जरिये लाभान्वित किया जा रहा है। वहीं कांग्रेस के समय सिर्फ भ्रष्टाचार का बोलबाला था और वही प्रियंका को दिख रहा है।

योजना के तहत चलाया जा रहा किसान आंदोलन

सांसद ने किसान आंदोलन को लेकर कहा कि जब संसद में किसान बिल पास हो रहा था उस समय राहुल गांधी ने क्यों विरोध नहीं किया। इससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा सरकार को घेरने के लिए एक बड़े षड़यंत्र के तहत किसान आंदोलन चलाया जा रहा है। किसान आंदोलन राजनीतिक दलों का आंदोलन है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि किसान आंदोलन को मोटिवेट किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular