हमीरपुर (हि.स.)। जिले में दो थानों की पुलिस ने जर्जर मकान में चल रही अवैध गुटका तम्बाकू की दो फैक्ट्री सीज कर 65 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पांच मशीनों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
एसपी कमलेश दीक्षित ने सोमवार को बताया कि जलालपुर थाने की पुलिस ने ममना-सरीला तिराहा में चेकिंग के दौरान मारुति सुजुकी यूपी 16 एडी-1552 से बारह खंभा राठ निवासी देवेन्द्र कुमार लोधी, सत्यम अहिरवार के कब्जे से तीस बंडल नकली तम्बाकू से बना गुटका बरामद किया।
पूछताछ के बाद इनकी निशानदेही पर सिकन्दरपुरा राठ निवासी रामप्रकाश गुप्ता के मकान में गुटका बनाने वाली पांच मशीनें और भारी मात्रा में सुपारी और नकली तम्बाकू के कई ब्रांड के अलावा खाली रैपर व अन्य हानिकारक सामग्री बरामद की गई है।
एसपी ने बताया कि बरामद सामग्री की कीमत 65 लाख रुपये है। आरोपियों को आज जेल भेजा जा रहा है। एसपी ने बताया कि राठ के प्रभारी निरीक्षक आरसी त्रिपाठी व जलालपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। इसके लिए दोनों टीमों को पच्चीस हजार रुपये की ईनाम दिया जाएगा।
नकली तम्बाकू व सुपारी से गुटका बनाने का चल रहा खेल
क्षेत्र में काफी समय से गुटखा की अवैध फैक्ट्री एक मकान में संचालित हो रही थी। फैक्ट्री में रजनीगंधा, श्री, व धोनी आदि ब्रांड के गुटका और तम्बाकू मिलाकर आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे थे। एसपी ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपी अवैध गुटका के बड़े माफिया है। छापेमारी में बीस आइटम बरामद किए गए है जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
