गोरखपुर (हि.स.)। गोरखपुर क्षेत्र के 62 विधानसभा सीटों में 55 प्लस का लक्ष्य साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं का 12 फरवरी से जमावड़ा शुरू होगा। नामांकन की तिथि समाप्त होने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने स्टॉर प्रचारकों को चुनाव मैदान में उतारने की योजना पर काम करना शुरू कर दिया है। भाजपा के चाणक्य और केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह की जनसभा करवाने की तैयारियां भी शुरू है।
छठे चरण के चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन की प्रक्रिया खत्म हो रही है। इसके साथ ही पूर्वांचल से लखनऊ की राह आसान करने के लिए भाजपा के दिग्गज 12 फरवरी से गोरखपुर क्षेत्र की विधानसभा सीटों पर डेरा डालेंगे। वे हर विधानसभा में न सिर्फ जनसभा करेंगे, बल्कि टक्कर मिलने वाली सीटों पर जनसंपर्क भी करेंगे। भाजपा ने इन कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। तैयारी के मुताबिक सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा तय है।
विधानसभा चुनाव के पांचवें, छठें और सातवें चरण में पूर्वांचल की सीटों पर मतदान होना है। इनमें कई जगहों पर भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। कई जगहों पर विरोधी दलों का गठबंधन कड़ी चुनौती दे रहा है। भाजपा की रणनीति के मुताबिक चुनाव के चरणवार सम्पन्न होने के अनुसार पार्टी नेताओं को शेष बचे क्षेत्रों में भेजा जाएगा। फिलहाल, चुनाव को लेकर भाजपा काफी संजीदा और हर सीट पर फीडबैक लिया है। इसके मुताबिक ही रणनीति बन रही है।
तैयारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी गोरखपुर क्षेत्र की अनेक विधानसभा सीटों के लिए ताबड़तोड़ प्रचार करेंगे। इतना ही नहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या भी चुनावी प्रचार की कमान को ढीली नहीं होने देंगे। छठें चरण के लिए पार्टी के अन्य स्टार प्रचारक भी शहर से लेकर देहात तक पहुंचेंगे।
पूर्वांचल की 165 सीटों को अपने पक्ष में करने के लिए विरोधी दल भी पुरजोर प्रयास कर रहे हैं। इन सीटों पर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए भाजपा बीते दिनों जन विश्वास यात्रा भी निकाल चुकी है।
आमोद
