नई दिल्ली (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार की कमजोरी और डॉलर समेत दूसरी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं की मांग में बढ़ोतरी हो जाने के कारण आज मुद्रा बाजार में रुपये की स्थिति कमजोर हो गई है। आज के शुरुआती कारोबार में ही रुपये ने डॉलर की तुलना में जोरदार गोता लगा दिया। रुपये ने सोमवार के कारोबार की शुरुआत ही 33 पैसे की कमजोरी के साथ की है।
आज सुबह इंटर बैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 33 पैसे की कमजोरी के साथ डॉलर की तुलना में 73.81 रुपये के स्तर पर खुला। नौ सितंबर के बाद डॉलर की तुलना में ये रुपये का अभी तक का न्यूनतम शुरुआती स्तर है। भारतीय शेयर बाजार में भी आज सुबह से ही मंदड़ियों का दबाव बना हुआ है। इसकी वजह से अनुमान लगाया जा रह है कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक आज शेयर बाजार से अपने पैसे की निकासी कर सकते हैं। ऐसा होने पर रुपये पर डॉलर का दबाव और बढ़ जाएगा, जिसकी वजह से रुपये की कीमत में और गिरावट आने की आशंका जताई जा रही है।
इसके पहले रुपया पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को डॉलर की तुलना में चार पैसे की मजबूती के साथ 73.48 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था।
