Thursday, February 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेश300 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर लखनऊ पहुंची साइकिल यात्रा

300 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर लखनऊ पहुंची साइकिल यात्रा

लखनऊ (हि.स.)।  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में रामपुर जनपद से चली साइकिल यात्रा 300 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर लखनऊ पहुंच गयी। लखनऊ के बक्शी के तालाब से आगे बढ़ते हुए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता साइकिल यात्रा को लेकर विक्रमादित्य मार्ग स्थित प्रदेश कार्यालय तक लायेंगे। 

समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर साइकिल यात्रा 20 मार्च या 21 मार्च को पहुंचने की उम्मीद जतायी जा रही है। माना जा रहा है कि साइकिल यात्रा के समापन पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं को बधाई देंगे। फिलहाल दोनों ही नेता मथुरा वृंदावन के दौरे पर है। 
साइकिल यात्रा के शुरुआत रामपुर से हुई और बाद में बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर, सीतापुर जनपदों से होते हुए यात्रा लखनऊ के ग्रामीण क्षेत्र तक पहुंच गयी। यात्रा के पूरे समय शामिल कार्यकर्ताओं की संख्या 100 से ज्यादा रही। वहीं प्रत्येक जनपद के सैकड़ों साइकिल सवार कार्यकर्ता यात्रा में जुड़ते रहें। साइकिल यात्रा के लखनऊ पहुंचने पर समापन की तैयारी प्रदेश मुख्यालय के प्रांगण में की गयी है।
वहीं प्रदेश कार्यालय पर मौजूद वरिष्ठ नेता व प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी, मधुकर त्रिवेदी निरंतर यात्रा से जुड़े कार्यकर्ताओं का हालचाल ले रहे हैं। वहीं साइकिल यात्रा में पार्टी की तरफ से युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी, समाजवादी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा, समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राम करन निर्मल, समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं का बीच बीच में हौसला बढ़ाया है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular