फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने सर्राफा के यहाँ चोरी करने वाले शातिर पिता व उसके दो पुत्रों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 30 लाख के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर तीनों को जेल भेजा है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मई माह में शिकोहाबाद क्षेत्र में विशाल ज्वेलर्स के यहां चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में सर्राफा विशाल गोयल ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि थाना शिकोहाबाद प्रभारी हरवेन्द्र मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ सूचना पर नामित अभियुक्तों को थाना सिकन्दरा जनपद आगरा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम राकेश वर्मा पुत्र रामगोपाल वर्मा, अभिजीत वर्मा पुत्र राकेश वर्मा व अभिषेक उर्फ सोनू पुत्र राकेश वर्मा निवासीगण कटरा मीरा थाना शिकोहाबाद बताए हैं। पुलिस ने चोरों के कब्जे से 446 ग्राम सोने के आभूषण जिसकी कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये हैं, बरामद किए हैं।
एएसपी ने बताया कि पूछताछ में मुख्य अभियुक्त राकेश वर्मा द्वारा बताया गया कि मेरे ऊपर बाजार का लगभग 25 लाख रुपये ऊधार था। मैं विशाल गोयल से माल लिया करता था तो मैंने सुनियोजित तरीके से विशाल गोयल के यहाँ से बरामद माल को अपने बेटों के जरिये चोरी करा लिया था, जिसके बाद मैं व मेरे बेटे यहाँ से फरार हो गये थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास है। अभियुक्तों पर कार्यवाही कर उन्हें जेल भेजा गया है।
कौशल/सियाराम
