मेरठ (हि.स.)। पथ विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेचने के लिए मेरठ में एक प्लेटफार्म लांच होगा। 28 अक्टूबर से चार नवम्बर तक राजकीय इंटर कॉलेज में दीपावली मेले का आयोजन होगा। इसके लिए नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली है।
नगर निगम सभागार में शनिवार को मेले को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। नगर आयुक्त मनीष बंसल ने बताया कि 28 अक्टूबर से दीपावली मेले का आयोजन होगा। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएगी। मेले में पथ विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूहों आदि को अपने उत्पाद बेचने का अच्छा प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनकी आय में बढ़ोत्तरी हो सकें।
कहा कि नगर निगम व नगर पालिकाओं में भी दीपावली मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्देश्य पथ विक्रेेताओं को मेला अवधि में उनकी आय बढाए जाने के लिए उनकी सामग्री, वस्तु, उत्पाद बेचने का स्थल प्रदान किया जाना है। मेला स्थल पर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अन्तर्गत पंजीकृत व ऋण ग्राही स्ट्रीट वेंडर को सामग्री बेचने के लिए स्थान दिया जाएगा। मेला स्थल पर स्वच्छता, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पार्किंग व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पुलिस प्रबंधन व अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेले का आयोजन कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए कराया जाएगा।
