मेरठ (हि.स.)। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 27 सितम्बर को घोषित भारत बंद को सफल बनाने के लिए भारतीय किसान यूनियन ने कमर कस ली है। भाकियू कार्यकर्ता शहर और गांवों में भारत बंद के लिए जनसंपर्क कर रहे हैं। भाकियू नेताओं का कहना है कि मेरठ में बाजारों और सरकारी कार्यालयों को भी बंद कराया जाएगा।
कृषि कानूनों के विरोध में 05 सितम्बर को मुजफ्फरनगर में आयोजित किसान महापंचायत में 27 सितम्बर को भारत बंद का ऐलान किया गया था। संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद को सफल बनाने को पश्चिम उप्र में भाकियू ने जिम्मा संभाला है। भाकियू के कार्यकर्ताओं ने भारत बंद को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क शुरू कर दिया है। भाकियू कार्यकर्ताओं ने मुख्य राजमार्गों पर चक्का जाम करने की तैयारी तेज कर दी है। भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ईकड़ी का कहना है कि भारत बंद को सफल बनाया जाएगा। इस दौरान बाजारों और सरकारी कार्यालयों को भी बंद कराने की योजना है। जल्दी ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। जनसंपर्क करके भारत बंद का प्रचार किया जा रहा है। यह भारत बंद पूरी तरह से सफल रहेगा। जनसंपर्क के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।
