Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेश2500 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शुक्रवार को जनता चौपाल लगेगी:केशव प्रसाद मौर्य

2500 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शुक्रवार को जनता चौपाल लगेगी:केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री वाराणसी पहुंचे,भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत,दो दिन कई कार्यक्रमों में भागीदारी करेंगे

वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि 2500 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शुक्रवार को जनता चौपाल लगेगी। 30 दिसम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बाबा विश्वनाथ धाम काशी से जनता चौपाल की शुरुआत होगी। गुरुवार को दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर आने के पहले ये जानकारी उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर दी। उन्होंने लिखा कि पंचायत स्तर पर अच्छा कार्य करने वाले जन प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जायेगा। जन चौपाल में जन प्रतिनिधियों के साथ ग्राम विकास विभाग और विभाग के उच्चाधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे। हर माह प्रदेश स्तर पर ग्राम चौपाल की समीक्षा होगी। इस जनता चौपाल को एक टैग लाइन भी दिया गया है – ”जनता चौपाल – गांव की समस्या और गांव में समाधान”।

वाराणसी पहुंचे उप मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत

गुरुवार अपरान्ह वाराणसी पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा कर अगुवाई में गर्मजोशी से स्वागत किया। वाराणसी दौरे में पहले दिन गुरुवार को उप मुख्यमंत्री सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उपमुख्यमंत्री एनआरएलएम की ओर से आयोजित स्वयं सहायता समूह के ग्राम्य संगठनों और संकुल संगठनों को परिक्रमा निधि तथा सामुदायिक निवेश निधि का वितरण करेंगे। इसके साथ ही केशव प्रसाद मौर्य दीदी कैफे का लोकार्पण करेंगे तथा उत्कृष्ट कार्य कर रहीं समूह की दस महिलाओं को सम्मानित कर उन्हें प्रमाणपत्र देंगे। इसके बाद अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार को सुबह 11 बजे सेवापुरी के पुरे गांव में आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, विद्यालय, अमृत सरोवर तथा दीदी कैफे का अवलोकन करेंगे। 12.40 बजे आराजीलाइन विकास खंड के बभनियांव गांव में पुस्तकालय का लोकार्पण करेंगे। 2.20 बजे ग्राम पंचायत चिरईगांव में विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। शाम चार बजे लखनऊ के लिए वापसी करेंगे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular