25 नवम्बर को एचबीटीयू के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम में होंगे मुख्य अतिथि
कानपुर (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एक बार फिर अपनी कर्मभूमि कानपुर नगर दो दिवसीय दौरें पर 24 नवम्बर को आ रहे हैं। यहां पर राष्ट्रपति पहले दिन चौधरी हरमोहन सिंह यादव की जन्मशती कार्यक्रम में भाग लेंगे। दूसरे दिन एचबीटीयू के शताब्दी वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। हालांकि अभी मिनट टू मिनट कार्यक्रम प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव की ओर से नहीं आया, लेकिन राष्ट्रपति भवन से कानपुर दौरे की सूचना जारी कर दी गई है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 24 नवम्बर को महानगर आएंगे, वो यहां चौधरी हरमोहन सिंह यादव के जन्म शती समारोह के अवसर पर मेहरबान सिंह के पुरवा में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी के शताब्दी वर्ष समारोह में आयोजित हो रहे कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत करेंगे। समारोह के पहले दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद विश्विद्यालय के सौ वर्ष पूरे होने पर सौ रुपये का स्मृति सिक्का और पांच रुपये का डाक टिकट जारी करेंगे। इस सिक्के में एक तरफ विश्वविद्यालय का चित्र और दूसरी तरफ सौ रुपये लिखा होगा। सिक्के का प्रारुप को भारतीय प्रतिभूति मुद्रण और मुद्रा निर्माण निगम ने मंजूरी दे दी है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहले दिन आ सकते हैं। सात दिन चलने वाले समारोह में नये छात्रावास, प्रवेश द्वार, म्यूजियम, आडियोटोरियम समेत 16 प्रोजेक्ट का शुभारंभ होगा। कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, कॉन्फ्रेंस, सम्मान समारोह आदि भी होंगे। विश्वविद्यालय की सौ साल की यात्रा बताने वाली किताब का विमोचन भी होगा। इस संबंध में राष्ट्रपति भवन से सूचना जारी कर दी गई है। जल्द ही प्रदेश के मुख्य सचिव की तरफ से उनका मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
