Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेश 2022 बैच के 14 प्रशिक्षु अधिकारियों से मिली आनंदीबेन पटेल

 2022 बैच के 14 प्रशिक्षु अधिकारियों से मिली आनंदीबेन पटेल

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से राजभवन में भारतीय प्रशासनिक सेवा 2022 बैच के 14 परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर प्रशिक्षु अधिकारियों ने उन्होंने कहा कि आज सरकार तथा आम आदमी की आपसे बहुत अपेक्षाएं हैं, आपका दायित्व है कि लोगों का कार्य त्वरित रूप से निस्तारित करें, जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से दफ्तरों का चक्कर न लगाने पड़े।

राज्यपाल ने प्रत्येक कार्य कानून के दायरे में करने तथा नियम का पालन करते हुए त्वरित रूप से निष्पादित करने का सुझाव दिया। छत्रपति शाहू महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में हाल ही में आयोजित दो दिवसीय शिक्षा मंथन-2023 पर राज्यपाल ने चर्चा करते हुए नवोदित अधिकारियों को बताया कि इससे देश-प्रदेश से आये विद्वानों के विश्लेषणपरक विचार-विमर्श प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त शिक्षण संस्थानों में गणनीय बनाने की दिशा प्रशस्त करेंगे और ऐसे कार्यक्रमों में दिये गये सुझावों का अनुसरण अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में अमल करना चाहिए।

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि आप अपनी जिम्मेदारी को समझें और सेवा भाव से कार्य करें। आपका भी यह प्रयास होना चाहिए कि श्रेष्ठ जीवन जीने वालों का अनुसरण करें तथा उनके द्वारा दिखाये गए पथ पर चलकर अपने देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। विभाग के दायरे से बाहर निकलकर अन्य विभागों से तालमेल बनाकर जनहित के कार्यों में भी अपना योगदान दें। साथ ही इस बात का विशेष ख्याल रखें कि कोई भी फरियादी आपके पास से निराश होकर न जाये।

राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को जनता के हितों को केन्द्र में रखकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तुत फाइल को पूरी तरह से पढ़कर उसके हर पहलू को समझकर त्वरित निर्णय लेकर व्यक्ति को समाधान दिये जाने का प्रयास करें, जिससे सम्बन्धित व्यक्ति विभाग का अनावश्यक चक्कर न लगाये।

उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी की समस्या को दूर करने के लिए आप को स्वयं उस समस्या को महसूस करना होगा, तभी आप पीड़ित व्यक्ति को राहत दे पायेंगे। राज्यपाल का स्वागत प्रशिक्षु अधिकारियों द्वारा तुलसी का पौधा भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु अधिकारियों ने परिवीक्षा अवधि में किये गये कार्यों तथा उनसे प्राप्त अनुभवों को साझा किया।

इस मौके पर अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक देवेश चतुर्वेदी, अपर मुख्य सचिव राज्यपाल एस.एम. बोबडे, उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी, लखनऊ के महानिदेशक एल. वेंकटेश्वर लू सहित प्रशिक्षु अधिकारी मौजूद थे।

उपेन्द्र/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular