देवरिया (हि.स.)। केंद्रीय शहरी विकास एवं आवास राज्यमंत्री कौशल किशोर के देवरिया पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जिलाध्यक्ष अन्तर्यामी सिंह के नेतृत्व में पीडब्लूडी डाक बंगले पर स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए कहा केंद्र सरकार की कोशिश है कि 2022 तक सबके पास अपना खुद का घर हो। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में इस कोशिश को पूरा करने के लिए राज्य सरकार व केंद्र सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह लक्ष्य सरकार जल्दी से पा ले, कार्यकर्ता भी प्रयास करें। जिन लोगों के पास आवास नहीं है, उनसे सम्पर्क कर उनको आवास दिलाने का काम करें। उन्होंने कहा कि पूरे देश में शहरी विकास मंत्रालय ने एक करोड़ आवास निर्माण के लिए स्वीकृत किए हैं। जिसमें से उत्तर प्रदेश में 17 लाख 30 हजार स्वीकृत किये गए हैं।
–जिला मुख्यालय और नगर पंचायतों के विकास पर चर्चा
केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर से चर्चा के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अन्तर्यामी सिंह ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत बहुत काम हो रहे हैंं लेकिन देवरिया जिला मुख्यालय और नगर पंचायतों का और विकास हो कुछ ऐसा व्यवस्था बनाया जाए। खासकर देवरिया नगर में सीवर सिस्टम की व्यवस्था हो जाए । इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा इन सभी कामों की सूची बनाकर दिल्ली स्वयं आ जाइए अथवा किसी के माध्यम से भेज दीजियेगा। उन सभी कामों पर विशेष पहल कर काम कराने का जल्द प्रयास होगा। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अरुण सिंह, मीडिया प्रभारी अम्बिकेश पाण्डेय, किसान मोर्चाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र, एडवोकेट अमित कुमार दूबे, अमित मोदनवाल, शुभम मणि त्रिपाठी, राजन मल्ल, यशवंत शाही, अरुण मिश्र, प्रवीण तिवारी, संतोष चौरसिया आदि उपस्थित रहे।
ज्योति
