मेरठ (हि.स.)। मेरठ मंडल की आयुक्त अनीता सी मेश्राम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के भवनों का निर्माण 2020 तक कराया जाए। इस योजना में बाह्य विकास कार्यों के लिए आयुक्त ने अवस्थापना निधि से 432.48 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की।
आयुक्त कार्यालय में मंगलवार को आवास-विकास के कार्यों की समीक्षा बैठक में आयुक्त अनीता सी मेश्राम ने कहा कि जागृति विहार विस्तार योजना में आवास विकास परिषद द्वारा बनाए जा रहे 624 प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के भवनों का निर्माण दिसम्बर 2020 तक पूर्ण कर लिया जाए। आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना में बाह्य विकास कार्यों के लिए अवस्थापना निधि से 432.48 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की।
आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना एक महत्वाकांक्षी योजना है। आवासों के निर्माण में गुणवत्ता का विषेष ध्यान रखा जाए। संबंधित अधिकारी समय-समय पर स्वयं निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर गुणवत्ता का ध्यान रखें।
आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि आवास एवं विकास परिषद द्वारा जागृति विहार विस्तार योजना संख्या 11 मेरठ में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत सेक्टर 2 एवं 3 में 624 भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। भवनों का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। भवनों को पूर्ण करने का लक्ष्य मार्च 2021 का है लेकिन दिसम्बर 2020 तक इसे पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है। भवनों के कैम्पस में सडक निर्माण, नाली निर्माण, सीवरेज सिस्टम, जलापूर्ति का कार्य, बाउन्ड्री वाॅल का कार्य तथा बाह्य विद्युतीकरण के कार्य पर 432.48 लाख रुपये की लागत आएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी के बालाजी, अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिलयायन आदि मौजूद थे।
