Saturday, March 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेश2017 के बाद यूपी में एक भी सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ :...

2017 के बाद यूपी में एक भी सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ : सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यूपी जनसंख्या के आधार पर देश का सबसे बड़ा राज्य भले ही था लेकिन इसकी पहचान अर्थव्यवस्था और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर फेल राज्य की थी। आज की तारीख में यूपी की अलग पहचान है। 2017 के बाद से प्रदेश के अंदर एक भी सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश देश की छठी अर्थव्यवस्था के रूप में था लेकिन आज अर्थव्यवस्था के मामले में हम देश में दूसरे नंबर पर हैं। मुख्यमंत्री रविवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विधानभवन पर झण्डारोहण कर समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि अनगिनत बलिदानों के बाद देश स्वतंत्र हुआ है। 1857 से प्रारम्भ हुई स्वाधीनता की लड़ाई ने अंग्रेजी हुकूमत को ताकत का एहसास करवाया था। स्वाधीनता आंदोलन से जुड़े सभी स्मारक इस बात का गवाह हैं। आज अमृत महोत्सव का साक्षी बनने का अवसर हम सबको मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देश की स्वाधीनता के बाद देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए देश के जवानों ने अपना बलिदान दिया। उन सभी जवानों को मैं अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी देश में सबसे ज्यादा वैक्सीन देने वाला राज्य बन चुका है। यहां सभी के लिए मुफ्त वैक्सीन का अभियान चल रहा है। कोरोना महामारी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को दो अलग अलग वैक्सीन देकर सुरक्षा कवच प्रदान करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का नागरिक पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने लग जाए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश को एक नई ऊंचाई पर ले जाने और आत्मनिर्भर बनाने की कल्पना को साकार किया जा सकता है।  

RELATED ARTICLES

Most Popular