Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेश2014 से पहले होता था घोटाला, अब पुराने कीर्तिमान को तोड़ रहें...

2014 से पहले होता था घोटाला, अब पुराने कीर्तिमान को तोड़ रहें खिलाड़ी : अनुराग ठाकुर

– 189 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 62 करोड़ रुपये का पुरस्कार

– चार डिप्टी एसपी तो तीन अन्य की भी नियुक्ति

लखनऊ (हि.स.)। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि 2014 से पहले घोटालों का दौर चलता था। पहले कोई कह भी नहीं सकता था कि एक दिन उत्तर प्रदेश में खिलाड़ी करोड़ों के ईनाम पाएंगे। अब कड़ी मेहनत और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की मदद से देश के खिलाड़ी पुराने कीर्तिमान को तोड़ रहे हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में खिलाड़ियों को सबसे अधिक ईनाम राशि देने वाले राज्यों में है। उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश की ओर अग्रसर है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ भी की। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए यह बातें कहीं।

पहले लोग खरीदते थे नौकरी, आज नौकरी के साथ पैसा भी दे रही सरकार : योगी

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की 16 फीसदी आबादी उत्तर प्रदेश में निवास करती है। हमारे खिलाड़ियों ने 25 फीसदी मेडल हासिल किए हैं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप जो काम किए गए हैं उन्हीं के परिणाम हैं। पहले पैसा देकर लोग नौकरी खरीदते थे। आज सरकार नौकरी भी दे रही है पैसा भी।

सफलता के शिखर पर मुस्कुराई मेधा

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों 75 लाख से लेकर साढ़े चार करोड़ रुपये तक के ईनाम पाकर खिलाड़ियों के खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एशियाई और पैरा एशियाई खेलों के पदक विजेता और प्रतिभाग करने वाले राज्य के खिलाड़ियों को नागा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 189 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 62 करोड़ रुपये पुरस्कार राशि मिली। डेढ़ करोड़ और तीन करोड़ रुपये के नगद पुरस्कार पााने वाले खिलाड़ियों की संख्या अधिक थी। सात खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र भी मिले। इनमें से चार की नियुक्ति डिप्टी एसपी के पद पर हो रही है। अन्य को जिला युवा कल्याण अधिकारी और यात्री-माल कर अधिकारी के रूप में नियुक्ति मिल रही है।

मेरठ की एथलीट पारुल चौधरी पुरस्कार पाने वालों में शीर्ष पर

राज्य सरकार एशियाई खेल में स्वर्ण पदक विजेता को तीन करोड़, रजत पदक विजेता को डेढ़ करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 75 लाख रुपये का पुरस्कार देती है। वहीं पुरस्कार पाने वालों में सबसे ज्यादा 4.50 करोड़ रूपये की धनराशि मेरठ की एथलीट पारुल चौधरी को मिली। पारुल ने एशियाई खेल में 5000 मीटर की दौड़ में स्वर्ण और 3000 मीटर स्टीपल चेज में रजत पदक जीता था।

प्रशिक्षक को भी पु़रस्कार, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि

एशियाई खेलों में गए प्रशिक्षकों को पहली बार नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यही नहीं, एशियाई खेल और पैरा एशियाई खेल में प्रतिभाग करने वाले हर खिलाड़ी को पांच-पांच लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।

एशियाई और पैरा एशियाई खेलों में उप्र का जलवा

एशियाई खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण, नौ रजत और नौ कांस्य पदक झटके। जबकि 16 खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया था। पैरा एशियाई खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी दो स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक लेकर आए। जबकि 18 खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया था।

एशियाई खेलों के पदक विजेता

पारुल चौधरी को एथलेटिक्स में एक स्वर्ण और एक रजत, अन्नू रानी को एथलेटिक्स में एक स्वर्ण, दीप्ति शर्मा क्रिकेट में स्वर्ण, ललित उपाध्याय हॉकी में स्वर्ण, रिंकू सिंह क्रिकेट में स्वर्ण, अखिल श्योरण शूटिंग में स्वर्ण, अजय सरोज एथलेटिक्स में रजत, कार्तिक कुमार एथलेटिक्स में रजत, पुनीत कुमार नौकायन में एक रजत और एक कांस्य, नीरज नौकायन में रजत, नितिश कुमार नौकायन में रजत, अरविंद सिंह नौकायन में रजत, प्राची एथलेटिक्स में रजत, वंतिका अग्रवाल शतरंज में रजत, किरन बालियान एथलेटिक्स में कांस्य, सीमा पुनिया एथलेटिक्स में कांस्य, गुरवीर सिंह एथलेटिक्स में कांस्य, अर्जुन सिंह क्याकिंग कनोइंग में कांस्य, रामबाबू एथलेटिक्स में कांस्य, एबाद अली नौकायन में कांस्य, खुशबू सेपक टाकरा में कांस्य, वंदना कटारिया हॉकी में कांस्य पदक मिला।

पैरा एशियाई खेलों के पदक विजेता

सुहास एलवाई बैडमिंटन में स्वर्ण, प्रवीण कुमार एथलेटिक्स में स्वर्ण, प्रदीप कुमार एथलेटिक्स में रजत, सिमरन एथलेटिक्स में रजत, जैनब खातून पावरलिफ्टिंग में रजत, सूरज सिंह तीरंदाजी में रजत, अजीत सिंह एथलेटिक्स में कांस्य, पुष्पेंद्र सिंह एथलेटिक्स में कांस्य, श्रेयांश त्रिवेदी एथलेटिक्स में दो कांस्य पदक मिला।

कमलेश्वर शरण/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular