Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेश2014 के पहले सत्ता कुछ लोगों की जागीर थी : योगी आदित्यनाथ

2014 के पहले सत्ता कुछ लोगों की जागीर थी : योगी आदित्यनाथ

महराजगंज (हि.स.)। जिले के फरेंदा कस्बे के जयपुरिया स्टेडियम में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्बोधित किया। विरोधियों पर वार करते उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा, ”वर्ष 2014 से पहले सत्ता कुछ लोगों की जागीर थी।”

जन विश्वास यात्रा को सफल बताते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकारों तथा वर्ष 2014 के बाद की सरकार में फर्क साफ नजर आता है। वर्ष 2014 से पहले सत्ता कुछ लोगों की जागीर थी। गरीबों को आवास नहीं मिलता था। उस समय की सरकार गरीबों की कल्याणकारी योजनाओं का धन डकारने का काम करती थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद विधवा, वृद्धा, दिव्यांगजनों का पेंशन की धनराशि बढ़ी है। उनको राशन और उपचार की सारी सुविधाएं प्रदेश सरकार ने उपलब्ध कराई है। यह फर्क चेहरे बदलने से हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो कहा, वह करके दिखाया है। हर गरीब तक कल्याणकारी योजनाएं पहुंची हैं। इस डबल इंजन की सरकार ने राशन के साथ दाल, खाद्य तेल, चीनी और नमक हर माह देने का काम किया है।

उन्होंने सपा, बसपा, कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि इनकी सरकारों ने देश में अराजकता फैलाने, किसी भी त्योहार में दंगा करवाने और सरकारी धन का बंदरबांट करने का काम किया है। लेकिन योगी व मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जीवन के परिवर्तन का वाहक बनकर सबका साथ, सबका विकास को चरितार्थ किया है।

इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों को गिनाया और कहा, ”भारतीय जनता पार्टी की सरकार बिना रुके, बिना थके और बिना झुके ही पौने पांच साल में जनता का विश्वास जीतने का काम किया है। वैश्विक स्तर पर देश-प्रदेश की प्रतिष्ठा बढ़ाने, हाईवे, एयरवे, जल मार्ग तथा रेलवे सुविधाएं बढ़ाई हैं। गरीब कल्याणकारी योजनाओं शौचालय, आवास, आयुष्मान कार्ड देकर गरीबों को 05 लाख रुपए तक इलाज की सुविधा मुहैया कराई है।

इस अवसर पर उन्होंने 437 करोड़ रुपए की लागत की 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। जिसमें पीपी मॉडल पर महाराजगंज में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, ऑक्सीजन प्लांट, हाईवे, देवी स्थलों का विकास शामिल है।

इसके पूर्व स्टेडियम में पहुंचे जन विश्वास यात्रा का ढोल नगाड़े की धुन पर भारी भीड़ ने स्वागत किया। शुरू में आसमान में बादल छाए रहने के कारण भीड़ कम थी, लेकिन जैसे ही सूर्य देव के प्रकाश तेज हुआ लोगों की भीड़ बढ़ गई।

आमोद

RELATED ARTICLES

Most Popular