हरदोई (हि.स.)। जनपद में 18 जनवरी को जेके ग्रैण्ड रिसोर्ट में जिला स्तरीय निवेशक एवं निर्यातक शिखर सम्मेलन की होने वाला है। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी ने उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों से सफल आयोजन के लिए सुझाव मांगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आयोजन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। वाहनों के लिए पार्किंग स्थल को तैयार कर लिया जाए। कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। आयोजन स्थल के बाहर व अंदर उपयुक्त स्थान पर स्टैन्डी स्थापित करायी जाएं। जनपद के औद्योगिक केन्द्रों से संबंधित वीडियो क्लिप्स तैयार करवाई जाएं। कार्यक्रम की बुकलेट तैयार कर ली जाए। ओडीओपी के अंतर्गत जनपद के उत्पाद को प्रोत्साहित किया जाए।
उन्होंने जीएम उद्योग को एक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कैटरिंग व अन्य व्यवस्थाओं के भी निर्देश दिए। भोजन में उन डिश को भी शामिल किया जाए जो जनपद के खान-पान का अहम हिस्सा हों। सम्पूर्ण आयोजन को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों के दायित्व निर्धारित किये जायें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना, अपर जिलाधिकारी वंदना त्रिवेदी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अम्बरीष
