Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेश135 करोड़ जनता की अपेक्षाओं-आकांक्षाओं का ख्याल व विकासोन्मुख बजट : योगी...

135 करोड़ जनता की अपेक्षाओं-आकांक्षाओं का ख्याल व विकासोन्मुख बजट : योगी आदित्यनाथ

-किसानों, नौजवानों, महिलाओं, गरीबों के लिए किए गए प्रावधान
-भारतीयों की वित्तीय अपेक्षाओं को पूर्ण करने वाला सिद्ध होगा बजट

संजय सिंह
लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केन्द्रीय वित्तीय वर्ष 2021-22 के आम बजट को आशा और आकांक्षाओं की पूर्ति करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि कोरोना कालखंड में देश की 135 करोड़ जनता की अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं का ख्याल रखते हुए विकासोन्मुख व व्यवहारिक बजट पेश करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय बजट वास्तव में सर्वकल्याणकारी और समाज के प्रत्येक तबके के हितों का संवर्धन करने वाला बजट है। इसमें किसानों, नौजवानों, महिलाओं, गरीबों के लिए बहुत से प्रावधान किए गए हैं। केन्द्रीय बजट राजमार्गों की क्षमता के विस्तार, रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति देने, ऊर्जा क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन लाने की दिशा में किए जा रहे नए प्रयासों और देश के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर केंद्रित है। 
उन्होंने कहा कि बजट में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए जो प्रयास हुआ है और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बदलाव करने के लिए जिस प्रकार की कार्ययोजना बनाई गई है वह अभिनंदनीय है। यह बहुत महत्वपूर्ण और व्यवहारिक बजट है। नि:संदेह यह बजट हम सभी भारतीयों की वित्तीय अपेक्षाओं को पूर्ण करने वाला सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महान चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्वप्न हर हाथ को काम को साकार करता यह आम बजट सर्वोत्कर्ष को समर्पित है। बजट के सभी प्रस्तावों पर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास मंत्र का प्रभाव स्पष्ट दिखाई पड़ रहा है। अंत्योदय की भावना को साकार करता वर्तमान आम बजट अभिनंदन योग्य है। यह नए भारत की नई अर्थनीति का प्रकटीकरण है। 
उन्होंने कहा कि आज का आम बजट न केवल आम आदमी के सपने साकार करने, आमजन की आकांक्षाओं को आकार देने और देशवासियों की आशाओं को पूर्ण करने वाला है बल्कि देश को समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र बनाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट भारतीय अर्थव्यवस्था के उन्नयन में मील का पत्थर साबित होगा। इसके माध्यम से समाज के सभी वर्गों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। वर्तमान आम बजट लोक कल्याणकारी, सर्वसमावेशी तथा आत्मनिर्भर भारत की मंशा के अनुरूप है। बजट में किसान, मध्य वर्ग, गरीब, महिलाओं समेत प्रत्येक वर्ग का ख्याल रखा गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular