Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेश1300 करोड़ रुपये के निवेश का मंच बनेगा गीडा का स्थापना दिवस...

1300 करोड़ रुपये के निवेश का मंच बनेगा गीडा का स्थापना दिवस समारोह

गोरखपुर(हि.स.)। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का 34वां स्थापना दिवस समारोह 1300 करोड़ रुपये के निवेश का मंच बनेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी गीडा के विभिन्न सेक्टरों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के 155 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। गीडा के कालेसर व्यावसायिक-आवासीय परियोजना को भी लांच करेंगे।

देश के कई बड़े औद्योगिक समूहों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि इस समारोह के न केवल साक्षी बनेंगे बल्कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक में शामिल होकर निवेश की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा भी करेंगे। 30 नवम्बर (गुरुवार) को होने जा रहा गीडा का 34वां स्थापना दिवस समारोह कई मायने में खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री के सुझाव पर यहां पहली बार चार दिवसीय उद्योग व व्यापार की प्रदर्शनी लगाई जाएगी तो साथ ही बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार सृजन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

एसडीएम गीडा, अनुपम मिश्रा के मुताबिक गीडा द्वारा अक्टूबर माह में औद्योगिक एवं व्यावसायिक भूखंडों के आवंटन की योजना लाई गई थी। इस योजना में 22 औद्योगिक एवं 21 व्यावसायिक भूखंडों का आवंटन किया गया है। आवंटन के बाद 500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। आवंटित किए गए भूखंडों में से 10 बड़े निवेशकों को आवंटन पत्र का वितरण गीडा स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री करेंगे। इस तरह यह समारोह 1300 करोड़ रुपये के निवेश का मंच बनेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गीडा के अलग-अलग औद्योगिक सेक्टरों में 155 करोड़ रुपये की अवस्थापना विकास परियोजनाओं (सड़क, नाली, पुलिया, बिजली आदि) का शिलान्यास व लोकार्पण भी करेंगे।

200 एकड़ में विकसित होगी कालेसर परियोजना

गीडा के स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी, कालेसर सेक्टर-11 में 200 एकड़ में विकसित होने वाली व्यावसायिक एवं आवासीय परियोजना की लांचिंग भी करेंगे। गीडा की सीईओ अनुज मलिक ने बताया कि इस परियोजना के पहले चरण में लगभग 80 एकड़ में व्यावसायिक योजना के तहत भूखंडों का विकास होगा। इसमें 10,000 वर्ग मीटर से लेकर 35,000 वर्ग मीटर तक के 13 भूखंड विभिन्न व्यावसायिक प्रयोजनों हेतु विकसित किए जाएंगे। दूसरे चरण में 120 एकड़ भूमि पर आवासीय सेक्टर का विकास होगा। इस योजना को विकसित करने में लगभग 250 करोड़ रुपये के अवस्थापना विकास कार्य कराए जाएंगे। इस परियोजना के लिए गीडा द्वारा जमीन का अधिग्रहण आपसी सहमति के आधार पर किया गया है, जिसमें लगभग 173 करोड़ रुपये का व्यय हुआ है। कालेसर परियोजना गीडा की एक अत्यंत महत्वकांक्षी योजना है, जो गोरखपुर के जीरो पॉइंट पर स्थित है। इसकी कनेक्टिविटी एनएच-28, कुशीनगर राजमार्ग एवं सोनौली राजमार्ग से है।

गीडा के सेवा पोर्टल को लांच करेंगे मुख्यमंत्री

गीडा में उद्यमियों को विभिन्न प्रकार की सेवाओं हेतु ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ”गीडा सेवा” पोर्टल का शुभारम्भ योगी आदित्यनाथ, गीडा के स्थापना दिवस पर करेंगे। सीईओ गीडा, अनुज मलिक ने बताया कि गीडा सेवा पोर्टल पर आवंटी अपने अद्यतन भुगतान की धनराशि व देयों की स्थिति ऑनलाइन देख और भुगतान कर सकेंगे।इसके अलावा आवंटी, गीडा द्वारा विकसित विभिन्न सेक्टरों की समस्याओं को भी प्रस्तुत कर सकेंगे। पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक आवंटी को एक विशिष्ट यूजर आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध कराया जायेगा, जिसके आधार पर उनके द्वारा पोर्टल पर आवेदन किया जायेगा।

डॉ. आमोदकांत /दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular