– राजकीय निर्माण निगम से खिसका भवन निर्माण कार्य, नई संस्था का निर्णय शीघ्र
– पांच ऑपरेशन कक्ष, 50 ओपीडी कक्ष, 120 बेड का बनेगा वार्ड
मीरजापुर(हि.स.)। महिला चिकित्सालय का आठ मंजिला भवन बनाया जाएगा। इसमें कुल 120 बेड होंगे। इसके लिए शासन से मंजूरी मिल चुकी है। नए भवन में पांच ऑपरेशन कक्ष, 50 ओपीडी कक्ष, 120 बेड का महिलाओं को भर्ती करने के लिए वार्ड, चिकित्सकों के रहने के लिए आवास, इमरजेंसी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हाेंगी।
इस भवन को राजकीय निर्माण निगम को बनाना था। इसके लिए सरकार से 72 करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया था लेकिन मामला छह महीने तक टल जाने के कारण राजकीय निर्माण निगम ने सरकार से भवन निर्माण के लिए बजट और बढ़ाने की मांग की। सरकार ने बजट नहीं बढ़ाया तो उसने कार्य करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दूसरी कार्यदायी संस्था की ओर से नए तरीके से भवन का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है, जो लगभग सौ करोड़ रुपये का है। शासन ने भवन बनाने की मंजूरी प्रदान कर दी है लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है कि कौन सी कार्यदायी संस्था भवन बनाएगी।
मां विंध्यवासिनी स्वशासी चिकित्सा शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरबी कमल ने बताया कि महिला चिकित्सालय का आठ मंजिला भवन बनेगा, जो 120 बेड का होगा। भवन निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है। बजट आते ही निर्माण शुरू हो जाएगा।
पुराने को तोड़कर बनेगा नया भवन
वर्तमान में महिला अस्पताल 80 बेड का है। भवन पुराना होने के कारण इस पर आठ मंजिला भवन नहीं बन सकता है। इसलिए इसे तोड़कर नया भवन बनाया जाएगा।
गिरजा शंकर/सियाराम
