मेरठ (हि.स.)। भारतीय किसान संघ मेरठ प्रान्त का अधिवेशन 11 नवम्बर को मेरठ के विक्टोरिया पार्क में होगा। उस दिन पैदल मार्च निकालकर किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
भारतीय किसान संघ की प्रांतीय टोली की बैठक रविवार को आर्य नगर स्थित केशव भवन में हुई। प्रांत महामंत्री राज सिंह चौहान ने बताया कि मेरठ प्रान्त के 14 जिलों के 4000 से अधिक ग्रामों में किसानों की कृषि संबंधित चेतावनियों, समस्याओं को जानने, उनके निस्तारण एवं संगठन के विस्तार के लिये अगस्त माह से अभियान चलाया गया। किसानों की समस्याओं का निस्तारण कराते हुए संगठन सदस्यता ग्रहण कराकर ग्राम समितियों, विकास खण्ड समितियों का निर्वाचन किया गया। प्रान्त के 14 जिलों मे भारतीय किसान संघ की जिला कार्यकारिणी का निर्वाचन अक्टूबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद 11 नवम्बर को मेरठ के विक्टोरिया पार्क में अधिवेशन होगा। जिसमें 10 हजार से अधिक किसान भाग लेंगे। अधिवेशन के बाद कृषि व किसानों की समस्याओं, चेतावनियों पर सामूहिक विचार विमर्श करके पैदल यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद कमिश्नर के माध्यम से प्रदेश और केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
प्रान्तीय कोषाध्यक्ष अश्वनी त्यागी ने बताया कि मेरठ प्रान्त के 14 जिलों में 03 लाख से अधिक किसानों ने भारतीय किसान संघ के कार्याें, देशहित, किसान हित की भावना से प्रेरित होकर सदस्यता ग्रहण की है।
प्रान्तीय मंत्री कुलदीप सिंह ने बताया कि भारतीय किसान संघ किसानों की दशा व दिशा में सुधार करने के लिये युवा किसान को उद्दमी बनाने, गौ-आधारित जैविक कृषि हेतु, बीज संरक्षण, भूमि सुपोषण, विपणन आदि विषयों को परिशिक्षण देने के लिए अनेक कार्यशाला का आयोजन कर रहा है। संघ ने किसान हितों के लिए सरकारों के साथ संघर्ष कर समस्याओं का निस्तारण कराया है। किसानों की फसल अवशेष जलाने पर दर्ज मुकदमों को वापस कराने और कृषि बिलों में सुधार पर सरकार को सर्वप्रथम ग्राम समितियों द्वारा ज्ञापन दिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रांत उपाध्यक्ष संजीव ने की। बैठक में कार्यालय मंत्री नरेंद्र सिंह चौधरी, अनूज सिंह, सुनील आदि उपस्थित रहे।
