Sunday, April 12, 2026
Homeव्यापार100 बिलेनियर्स क्लब में फिर हुई गौतम अडाणी की एंट्री

100 बिलेनियर्स क्लब में फिर हुई गौतम अडाणी की एंट्री

नई दिल्ली (हि.स.)। भारत समेत एशिया के सबसे रईस कारोबारी गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति एक बार फिर 100 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गई है। शेयर बाजार में अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों को मिले सपोर्ट की वजह से गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में एक दिन में ही 1.65 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।

दुनिया के टॉप 10 सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में शामिल गौतम अडाणी की संपत्ति आज सुबह 100.05 अरब डॉलर के स्तर पर थी। वहीं भारत समेत एशिया के दूसरे सबसे रईस कारोबारी मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति आज सुबह 86.31 अरब डॉलर थी। इस तरह इन दोनों भारतीय कारोबारियों की व्यक्तिगत संपत्ति का फासला करीब 14 अरब डॉलर हो गया है।

ब्लूमबर्ग बिलेनियरीज इंडेक्स द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 100.05 अरब डालर की संपत्ति के साथ गौतम अडाणी दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में छठे स्थान पर हैं। जबकि घरेलू शेयर बाजार में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आई गिरावट की वजह से मुकेश अंबानी दुनिया के टॉप 10 रईस व्यक्तियों की सूची से बाहर होकर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलेनियरीज इंडेक्स की इस सूची में गौतम अडाणी के आगे 214 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ एलन मस्क पहले स्थान पर, 133 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ जेफ बेजॉस दूसरे स्थान पर, 128 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ बर्नार्ड अरनॉल्ट तीसरे स्थान पर, 115 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ बिल गेट्स चौथे स्थान पर और 104 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ लैरी पेज पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।

आपको बता दें कि भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी उतार-चढ़ाव की वजह से गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति भी प्रभावित हुई थी। कंपनियों के शेयर प्राइस में कमी आने के कारण अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 100 अरब डॉलर से कम हो गई थी। व्यक्तिगत संपत्ति में आई गिरावट के कारण अडाणी दुनिया के टॉप 10 बिलेनियर्स की सूची में खिसक कर आठवें स्थान तक पहुंच गए थे।

एक बार फिर घरेलू शेयर बाजार में अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों को लिवाली का सपोर्ट मिलने लगा है। लिवाली के इस सपोर्ट से गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति दोबारा 100 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गई है। इसके साथ ही अडाणी टॉप 10 बिलेनियर्स की सूची में छठे स्थान पर भी आ गए हैं।

योगिता

RELATED ARTICLES

Most Popular