लखनऊ(हि.स.)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 10 मार्च के बाद माफिया और गुंडों की अगली पीढ़ी भी अपराध करने का दुस्साहस नहीं करेगी। सपा, कांग्रेस और बसपा सब एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। इन पार्टियों से जनता को भाजपा ही मुक्त कराएगी।
मंगलवार को सुल्तानपुर, फूलपुर और प्रयागराज में जनसभाओं में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अभी बुलडोजर चलना शुरू हुआ है। आगे पांच वर्ष और बुलडोज़र चलना है। 10 मार्च के बाद इतने बुलडोजर चलेंगे कि अपराधियों की पुश्तें भी अपराध करने का दुस्साहस नहीं करेंगी। गुंडों और माफिया की सूची बन रही है, इनके पीछे बुलडोजर चलने वाली है।
समाजवादी पाटी पर उन्होंने कहा कि जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में व्यवधान पैदा करते हैं, उनसे डरने की आवश्यकता नहीं है। कमल खिलाइये, इनको ठीक करने का काम हम पर छोड़ दीजिए। हनुमान जी की तरह अपनी ताक़त पहचान कर सभी सीटों पर कमल खिला दीजिए।
उन्होंने कहा कि हमने बिना किसी भेदभाव के सबका विकास किया है। पहले कितने घंटे बिजली आती थी और अब कितनी बिजली आ रही है। पहले तो हालत यह थी कि बिजली आती नहीं थी, अब जाती ही नहीं है। सड़कें बनी हैं और हाइवे पर काम हुआ है। गड्ढे नहीं है, आगे भी नहीं रहेंगे। 10 मार्च के बाद फिर से विकास की रेस में प्रदेश आगे बढ़ता नजर आएगा।
शरद
