मुरादाबाद (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल के बरेली-शाहजहांपुर रेलखंड पर बरेली स्टेशन के पास रेल ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। ओवरब्रिज के नीचे लिमिटेड हाईट सबवे (अंडरपास) बनाया जाना है। इसके लिए रेलवे ने रविवार 10 अप्रैल को सात घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया है। इसके कारण मुरादाबाद रेल मंडल से गुजरने वाली 12 ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। यह ब्लॉक सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक रहेगा।
उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह ने बताया कि मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर इन दिनों प्लेटफार्म पर एक पर बने पुराने ओवरब्रिज को हटाने का काम चल रहा है। रविवार को पुल का अस्तित्व पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। इसके लिए 10 अप्रैल को लिए गए सात घंटे के मेगा ब्लाॅक में सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक प्लेटफार्म एक व दो पर रेल संचालन बंद रहेगा। सीनियर डीसीएम ने बताया कि ट्रेन (04379-80) रोजा-बरेली-रोजा पैसेंजर को निरस्त किया गया है। इसके अलावा सात ट्रेनें बदले रूट से चलेंगी। जबकि (13151) जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस छह घंटे लेट चलेगी। (15910) लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से चलेगी। (15128) काशी-विश्वनाथ एक्सप्रेस को मार्ग में आधे घंटे के लिए रोका जाएगा।
निमित जायसवाल
