Sunday, December 14, 2025
Homeअन्यहोली पर होगा साल का यह पहला चंद्र ग्रहण

होली पर होगा साल का यह पहला चंद्र ग्रहण

जयपुर (हि.स.)। होली पर चंद्रग्रहण के साथ-साथ मीन राशि में ग्रहण योग का साया रहेगा। यह उपच्छाया चंद्रग्रहण होगा जो भारतीय समय के अनुसार सोमवार 25 मार्च को सुबह 10.23 मिनट से शुरू होगा। होली पर साल का यह पहला चंद्र ग्रहण होगा। चंद्र ग्रहण के साथ-साथ एक विशिष्ट योग भी बनेगा। दरअसल यह योग सूर्य और राहु के युति से बनेगा। ज्योतिष में ग्रहण योग को शुभ नहीं माना जाता है। ग्रहण योग का नकारात्मक प्रभाव कई राशियों के जातकों पर पड़ेगा।

हिंदू पंचांग के अनुसार फाल्गुन माह की पूर्णिमा तिथि की रात्रि को होलिका दहन होगा। फिर इसके अगले दिन रंगों की होली खेली जाएगी। इस बार होलिका दहन 24 मार्च को और धुलंडी 25 मार्च को मनाई जाएगी।

ज्योतिषाचार्य पंडित बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि ग्रहण का समापन दोपहर 3 बजकर 02 मिनट पर होगा। भारत में इस चंद्र ग्रहण को नहीं देखा जा सकेगा। इस कारण से इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा। साल का यह पहला चंद्र ग्रहण इटली, जर्मनी, फ्रांस, हालैंड, बेल्जियम, दक्षिण नॉर्वे, स्विटजरलैंड, उत्तरी एवं दक्षिणी अमेरिका, जापान, रूस के पूर्वी भाग, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में दृश्यमान होगा।

यह रहेगी ग्रहों की चाल

इस वर्ष होली पर चंद्र ग्रहण के साथ-साथ मीन राशि में ग्रहण योग का साया भी रहेगा। इसके अलावा 25 मार्च को होली के ठीक एक सप्ताह पहले 18 मार्च को शनि ग्रह उदय होंगे। फिर होली के पहले सूर्य का राशि परिवर्तन भी होगा। सूर्य कुंभ राशि की यात्रा को विराम देते हुए मीन राशि में प्रवेश करेंगे। जहां पर राहु पहले से ही मीन राशि में विराजमान हैं। ऐसे में होली पर चंद्र ग्रहण के साथ-साथ मीन राशि में सूर्य-राहु की युति भी बनेगी। वैदिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जब भी राहु, सूर्य और चंद्रमा की युति होती तो ग्रहण योग का निर्माण होता है। ज्योतिष में ग्रहण योग को अशुभ योग माना जाता है। इस तरह से होली पर चंद्र ग्रहण के साथ साथ मीन राशि में सूर्य-राहु की युति से खतरनाक योग भी बनेगा। ऐसे में कुछ राशि वालों के लिए इस तरह का योग नकारात्मक साबित हो सकता है।

दिनेश/संदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular