Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहोली के दिन वीसी संचालक को गोली मारने वाला पुलिस के हत्थे...

होली के दिन वीसी संचालक को गोली मारने वाला पुलिस के हत्थे चढ़ा

वाराणसी(हि.स.)। लालपुर— पांडेयपुर थाना क्षेत्र के प्रेमचंदनगर कॉलोनी में होली के दिन वीसी संचालक बृजेश कुमार सिंह उर्फ राजू सिंह को गोली मारने का एक आरोपित रविवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस मामले में अन्य दो आरोपी अभी फरार है।

पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन ने बताया कि बृजेश कुमार सिंह को गोली मारने वाले राजबहादुर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह को पांडेयपुर रायसाहब के बगीचे के पास से पुलिस टीम ने सटीक सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। मूल रूप से चंदौली जिले के नईकोट अलीनगर निवासी मुन्ना सिंह घटना के बाद साथियों के साथ फरार हो गया था। आरोपी मुन्ना सिंह के खिलाफ घायल बृजेश सिंह के भाई विपिन सिंह ने नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।

प्रेमचंद नगर कालोनी में होली के दिन बृजेश कुमार सिंह उर्फ राजू सिंह को लक्ष्य कर मनबढ़ युवकों ने शराब के नशे में गोली मार दी थी। गोली बृजेश के ठुड्डी में लगी । घायल ने पुलिस को हमलावरों का नाम बताया था। घायल के भाई विपिन सिंह ने प्रेमचंद नगर कॉलोनी के ही जितेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह और मखंचू सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। विपिन के अनुसार भाई बृजेश सिंह और वह जितेंद्र, मुन्ना व मखंचू के साथ बैठ कर शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान जितेंद्र, मुन्ना व मखंचू नशे में अचानक हाथापाई के बाद पत्थर उन पर फेंकने लगे। थोड़ी देर बाद जितेंद्र असलहा लेकर आया और बृजेश को लक्ष्य कर ताबड़तोड़ पांच गोली चला दी। एक गोली ठुड्डी में जा लगी। इसके बाद जितेंद्र व अन्य भाग निकले। परिजनों ने घायल बृजेश को मलदहिया स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया।

सूचना पर मौके पर लालपुर-पांडेयपुर पुलिस व एडीसीपी वरुणा जोन प्रबल प्रताप सिंह पहुंचे थे और घायल और उसके भाई से देर तक पूछताछ किया। इसके बाद विपिन की तहरीर पर जितेंद्र, मुन्ना व मखंचू के खिलाफ हत्या के प्रयास, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular