– पुलिस ने नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार किया, ड्रोन के जरिए क्षेत्र का लिया जा रहा जायजा
मेरठ(हि.स.)। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में होली का होली का चंदा ले रहे युवकों पर मुस्लिमों ने हमला कर दिया। इस दौरान जमकर पथराव किया गया। दो घंटे तक बवाल होने के बाद पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ा। इस पथराव में घरों और वाहनों के शीशे टूट गए। इस बवाल में लगभग दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने पूर्व पार्षद के बेटे समेत 28 लोगों को नामजद किया है। सोमवार को पुलिस ने ड्रोन के जरिए क्षेत्र का जायजा लिया।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के हरिनगर में पीपल वाली गली में लंबे समय से होलिका दहन किया जा रहा है। इस बार भी होलिका दहन के लिए लोगों से चंदा इकट्ठा किया जा रहा था। रविवार की देर रात अमित गुप्ता, सोनू प्रजापति, अंकित, कपिल, मल्लू होली के लिए चंदा एकत्र कर रहे थे। तभी पास दुकान पर बैठे कांग्रेस के पूर्व पार्षद शहजाद मेवाती, उसका भाई भूरा, साकिब, कासिम, मोईन, अमन, फरमान आदि ने चंदा इकट्ठा कर रहे युवकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। विरोध करने पर मुस्लिम युवकों ने चंदा इकट्ठा कर रहे युवकों पर हमला कर दिया। जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर दूसरे पक्ष के लोग भी इकट्ठा हो गए। इस दौरान जमकर पथराव हुआ। कांच की बोतलें भी फेंकी गई। इस पथराव में घरों और वाहनों के शीशे फूट गए। एक टैंपों में भी आग लगाने का प्रयास किया गया।
सांप्रदायिक तनाव की खबर फैलते ही एसपी सिटी पीयूष सिंह, सीओ ब्रह्मपुरी शुचिता सिंह, सीओ कोतवाली अमित राय कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठी फटकार कर लोगों को दौड़ाया। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा, दीपक शर्मा, अंकुर गोयल आदि ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि शहजाद मेवाती और उसके साथियों ने होलिका में लात मारकर उसे अपमानित भी किया और युवकों को पीटा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि हरिनगर में हिन्दू परिवार बहुत कम है और इस कारण ही उन्हें निशाना बनाया जाता है। तहरीर पर पुलिस ने पूर्व पार्षद शहजाद मेवाती समेत 28 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पूर्व पार्षद के बेटे लल्ला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को पुलिस ने ड्रोन के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की। हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।
कुलदीप
