Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहोली के उल्लास से सराबोर हुआ मुरादाबाद, जमकर बरसा रंग और गुलाल

होली के उल्लास से सराबोर हुआ मुरादाबाद, जमकर बरसा रंग और गुलाल

मुरादाबाद (हि.स.)। दुल्हैंडी पर तड़के से ही होली का रंग शुरू हो गया। बड़ों से लेकर बच्चे तक होली के उल्लास से सराबोर होकर रंग और गुलाल बरसाते हुए तरबतर हो गए। सभी एक-दूसरे के गले मिले और रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ढोल की थाप पर झूमते रहे। ऐसे में बच्चों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। वह चेहरे पर बाल और मुखौटे लगाकर आनंदित रहे।

उधर महिलाएं भी दोपहर तक एक-दूसरे के घर जाकर रंग गुलाल लाकर मुबारकबाद देती रहीं। यह सिलसिला शाम तक चलता रहा। शाम को लोग मित्रों एवं रिश्तेदारों के घर जाकर होली मिले।

शुक्रवार को दुल्हैंडी के दिन लोगों ने सुबह जगते ही होली का रंग बरसाना शुरू कर दिया। एक-दूसरे के घर जाकर भी उन्हें रंग-गुलाल लगाया और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने बड़ों के पैर छुए और आशीर्वाद लिया। मित्र, पड़ोस और रिश्तेदारों के साथ टोलियां बनाकर घूमते रहे। रास्ते में भी परिचितों को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं देते रहे। सिविल लाइंस, दीनदयाल नगर, रामगंगा विहारर, आशियाना, अवंतिका, मानसरोवर कोलानी, गौर ग्रेशियस, प्रकाश इंक्लेव, पेसिफिक स्टार होम्स, मधुबन गार्डन, सुपरटेक, पार्शवनाथ आदि पॉश कालोनियों व अपार्टमेंटों में दोपहर तक रंग की बयार थम गई। मगर शहर के भीतरी भाग में और कुछ बाहरी कालोनियों में रंग लगभग तीन बजे तक चलता रहा।

निमित जायसवाल

RELATED ARTICLES

Most Popular