Wednesday, February 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहोम्योपैथिक चिकित्सालयों में छापा, कहीं मिला कबाड़-कही ताला लटका मिला

होम्योपैथिक चिकित्सालयों में छापा, कहीं मिला कबाड़-कही ताला लटका मिला

बांदा (हि.स.)।जनपद में संचालित होम्योपैथिक चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं स्टाफ की उपस्थिति तथा जन समान्य को बेहतर उपचार की सुविधा दिलाने के उद्देश्य से जिला अधिकारी सहित कई अफसरों ने सवेरे 09 बजे से दोपहर 02 बजे तक होम्योपैथिक चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया, एक में मिला कबाड़ मिला, कई में ताला लटका पाया और अन्य कई खामियां पाई गई।

जिलाधिकारीे अनुराग पटेल के द्वारा विकास खण्ड बडोखर खुर्द तहसील सदर बांदा के राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय छेहरांव तथा जमालपुर के चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। होम्योपैथिक चिकित्सालय छेहरांव में चौकीदार छक्कीलाल उपस्थित मिला। जिलाधिकारी द्वारा जब अलमारी तुड़वाकर देखा गया तो माह जनवरी के बाद उपस्थित रजिस्टर नहीं बना हुआ था और न ही ओपीडी रजिस्टर बना हुआ था। स्टाक रजिस्टर भी नही था और कबाड़ भरा पड़ा था जो निष्प्रयोज्य घोषित कर कण्डम नहीं कराया गया था। यह सब देख जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी।

राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय जमालपुर का निरीक्षण किया गया जिसमें डा. पूर्णिमा जायसवाल प्रभारी चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहीं। उनके द्वारा बताया गया कि अभी तक 05 मरीज देखे गये। कबाड़ पड़े समान को निष्प्रयोज्य घोषित कर कण्डम कराने के निर्देश दिये गये। वहीं बगल में स्थित आयुष्मान भारत के तहत बना केन्द्र बन्द मिला एवं एएनएम सेन्टर बन्द मिला।

अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर द्वारा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय बिलगांव का निरीक्षण किया गया जिसमें चिकित्सालय बन्द पाया गया। चिकित्सालय के आस-पास काफी गन्दगी पायी गयी। स्थानीय निवासी राजकरन यादव एवं कुन्दन सिंह के द्वारा अवगत कराया गया कि विगत 15 दिनों से चिकित्सालय में तैनात डा. रूची तोमर नहीं आ रही हैं।

सुधीर कुमार ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सरद द्वारा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय नरैनी, नहरी, चन्द्रपुरा का निरीक्षण किया। जिसमें चिकित्सालय नहरी बन्द पाया गया तथा चन्द्रपुरा में भी 11.30 बजे ताला लगा पाया गया। जिसमें ग्रामीणों के द्वारा अवगत कराया गया कि डाक्टर एवं फार्मासिस्ट कभी आते ही नहीं हैं।उप जिलाधिकारी पैलानी द्वारा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय पैलानी, चंदवारा का निरीक्षण किया गया। चिकित्सालय मौके पर बन्द पाया गया। उप जिलाधिकारी अतर्रा द्वारा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय चौसड़, तेन्दुरा, पारा का निरीक्षण किया गया जिसमें चिकित्सक अनुपस्थित रहीं, बहुत ही गन्दगी मिली।

तहसीलदार पैलानी द्वारा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय सबादा का निरीक्षण किया गया जिसमें स्टाक रजिस्टर में दवाओं का मिलान नही किया जा सका। निरीक्षण के समय कोई मरीज नहीं आया और बहुत ही गन्दगी पायी गयी। तहसीलदार बबेरू द्वारा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय मरका, सुनहुली, मंझिला (मंझीवा) का निरीक्षण किया, जिसमें मरका में ताला बन्द पाया गया।

तहसीलदार पुष्पक बांदा के द्वारा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय सैमरी का निरीक्षण किया, जिसमें साफ-सफाई संतोष जनक नहीं थी। इसके बाद राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय भुजरख का निरीक्षण किया, वहां भी यही स्थित पायी गयी।तहसीलदार नरैनी सुशील कुमार द्वारा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय गोखिया एवं मुरवां का निरीक्षण किया गया जिसमें स्टाक रजिस्टर उपलब्ध नहीं था।

RELATED ARTICLES

Most Popular