मुरादाबाद (हि.स.)। कुन्दरकी थानाक्षेत्र के गांव बहापुर में संभल के थाना असमोली के हिस्ट्रीशीटर नाजिम (42) की हत्या के मामले में उसकी पत्नी रिहाना की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को गजरौला निवासी राजीव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
क्षेत्राधिकारी बिलारी अंकित कुमार ने बताया कि रविवार की सुबह थाना कुंदरकी क्षेत्र के गांव बहापुर में गन्ने के खेत में संभल जिले के असमोली निवासी हिस्ट्रीशीटर नाजिम की लाश मिली थी।
रेहाना की ओर से मिली तहरीर के मुताबिक, उसके पति नाजिम ट्रक चलाते थे। उसके साथ अमरोहा के जाटव मोहल्ला निवासी राजीव भी ट्रक चलाता था। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे राजीव उनके पति को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। रविवार सुबह नाजिम का शव मुरादाबाद के गांव बहापुर में सड़क किनारे गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। आरोप है कि उसके पति की हत्या राजीव ने की है। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निमित /दीपक/दिलीप
