प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे में 2007 सिविल सेवा बैच के भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने नवरात्रि के प्रथम दिन मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी का पदभार ग्रहण किया।
इससे पूर्व श्री उपाध्याय उप मुख्य परिचालन प्रबंधक (योजना) का दायित्व निभा रहे थे। उन्होंने यह पदभार निवर्तमान मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा से ग्रहण किया, जिनका स्थानान्तरण वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय), प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के पद पर हो गया है।
श्री उपाध्याय मूलतः अंबेडकरनगर के निवासी हैं और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र से परास्नातक हैं तथा डॉ. अमरनाथ झा छात्रावास के अंतःवासी रहे हैं। श्री उपाध्याय की छवि एक तेज़ तर्रार अफसर की है एवं वह उत्तर मध्य रेलवे में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रह चुके हैं, जिसमें मंडल परिचालन प्रबंधक झांसी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) प्रयागराज मंडल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आगरा एवं उप मुख्य यातायात प्रबंधक सह स्टेशन निदेशक कानपुर प्रमुख हैं।
विद्या कान्त
