प्रयागराज(हि.स.)। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में वृहस्पतिवार को हिन्दी प्रवक्ता 2021 के चयनित अभ्यर्थियों ने माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड का घेराव करते हुए तत्काल परिणाम जारी करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जब संशोधित लिखित परीक्षा परिणाम के पश्चात साक्षात्कार पूरा हो चुका है तो संशोधित परिणाम तत्काल जारी किया जाए क्योंकि जो शिक्षक चयनित होकर विभिन्न जनपदों की विभिन्न संस्थाओं में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, वे सब असमंजस में हैं और मानसिक पीड़ा से गुजर रहे हैं। 2021 के परिणाम के विलम्बित होने के कारण नवनियुक्त प्रवक्ताओं का वेतन भी अवरुद्ध है। इससे उन्हें आर्थिक संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।
घेराव के पश्चात चयन बोर्ड के सचिव ने पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए बुलाया और वार्ता में सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि चयन बोर्ड दो दिन बाद संशोधित परीक्षा परिणाम जारी कर देगा। प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र वर्मा ने कहा कि यदि चयन बोर्ड द्वारा शीघ्र परीक्षा परिणाम नहीं जारी करता तो संगठन सभी नवनियुक्त प्रवक्ताओं के साथ चयन बोर्ड कार्यालय के बाहर कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए धरना देने के लिए बाध्य होगा और इसकी जिम्मेदारी चयनबोर्ड के अधिकारियों की होगी।
घेराव में उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के जिलाध्यक्ष मो. जावेद, जिला मंत्री देवराज सिंह पटेल, गौरव सिंह, पूजा सिंह, संगीता सिंह, कुसुम यादव, भूपेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, प्रमोद कुमार, आकृति विश्वकर्मा, शोभा, मनोज कुमार सरोज, जगदीश प्रजापति सहित सैकड़ों चयनित प्रवक्ताओं ने एकजुट होकर सहभागिता दिखाई।
विद्या कान्त
