Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहार्दिक पटेल ने वाराणसी में किया जनसम्पर्क, कांग्रेस को जिताने की अपील

हार्दिक पटेल ने वाराणसी में किया जनसम्पर्क, कांग्रेस को जिताने की अपील

वाराणसी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में रविवार को पहुंचे गुजरात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने वाराणसी शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जनसम्पर्क अभियान की शुरुआत की। पटेल ने चौक इलाके में घर-घर जनसम्पर्क कर कांग्रेस उम्मीदवार को जिताने की अपील की।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए उतरे हार्दिक के साथ पार्टी के अन्य नेता भी उत्साहित दिखे। जनसम्पर्क के दौरान हार्दिक पटेल ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोला। हार्दिक ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा सिर्फ धर्म और जाति की राजनीति करते हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और गोवा से भाजपा इस बार साफ होने वाली है। हार्दिक ने गृहमंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा।

कांग्रेस नेता हार्दिक ने लखीमपुर खीरी की घटना का उल्लेख कर कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे ने किसानों को कार से कुचल दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए पटेल ने कहा कि पांच साल में इनकी कोई उपलब्धि वोट मांगने के लायक नहीं है।

हार्दिक ने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत चौक क्षेत्र के लक्ष्मी चाय की दुकान से की। महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे और कार्यकर्ताओं के साथ हार्दिक ने चौक क्षेत्र से ठठेरी बाजार होते हुए मैदागिन तक जनसम्पर्क किया। गुजराती समाज के लोगों से बातचीत के दौरान गुजराती में संवाद करते दिखे। कांग्रेस नेता राघवेंद्र चौबे ने बताया कि हार्दिक पटेल चांदपुर स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में उत्तर प्रदेश के युवाओं के सुनहरे भविष्य से जुड़े कांग्रेस के भर्ती विधान घोषणापत्र को लेकर संवाद करेंगे। इसके बाद पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के बड़ागांव में बसंत पटेल के यहां पटेल समुदाय के लोगों की चौपाल में शामिल होंगे।

श्रीधर/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular