Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहापुड़ : तेजाब कांड का आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार

हापुड़ : तेजाब कांड का आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार

हापुड़ (हि.स.)। सिम्भावली थाना क्षेत्र में रविवार की देर शाम को किशोरी पर एक शोहदे ने तेजाब फेंक दिया, जिससे वह झुलस गयी। परिजनों की मदद से पुलिस ने झुलसी किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराते हुए आरोपित की तलाश शुरु कर दी। सोमवार को मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस की गोली से बदमाश घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
कस्बा सिम्भावली में रविवार की देर शाम को 15 वर्षीय किशोरी अपने घर के आंगन में बैठी बर्तन साफ कर रही थी। इस दौरान एक शोहदे ने उसकी घर की दीवार पर चढ़कर किशोरी पर तेजाब फेंक कर फरार हो गया। इस हमले में किशोरी का पूरा शरीर झुलस गया। परिजनों ने पुलिस को सूचित करते हुए उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मेरठ रेफर कर दिया। 
घटना से क्षुब्ध सैकड़ों ग्रामीणों ने आरोपित को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करते हुए थाने का घेराव किया था। घायल किशोरी के परिजन ने आरोपित के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्जकर जांच शुरु कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपित की तलाश में दबिश दे रही थी।
सोमवार को पता चला कि तेजाब कांड का आरोपित कहीं भागने की फिराक में है, तभी पुलिस​ ने घेराबंदी करके उसे आत्मसमपर्ण करने को कहा तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पैर में लगने से वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि पकड़े गए आरोपित की पहचान सिम्भावली निवासी राहिल उर्फ रोहिल खान के रुप में हुई है। गोली से घायल होने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। 
आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार कर बताया कि किशोरी से उसकी दोस्ती थी। कुछ समय से किशोरी ने उससे बात करना बंद कर दिया था। इस बात से क्षुब्ध होकर उसने किशोरी को तेजाब डाला है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular