Saturday, April 11, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाहाथ जोड़कर माफी मांगे बिना राज ठाकरे को अयोध्या में घुसने नहीं...

हाथ जोड़कर माफी मांगे बिना राज ठाकरे को अयोध्या में घुसने नहीं दूंगा : बृजभूषण

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) गठन के वक्त उत्तर भारतीयों का विरोध करने वाले पार्टी प्रमुख राज ठाकरे को उत्तर प्रदेश के कैसरगंज संसदीय सीट से भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या में न घुसने देने का ऐलान किया है। उन्होंने चेतावनी दिया है कि राज ठाकरे पहले उत्तर भारतीयों से हाथ जोड़कर माफी मांगे। बताते चलें कि महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर बनाम हनुमान चालीसा विवाद को लेकर उद्धव ठाकरे सरकार पर इन दिनों हमलावर हो रहे राज ठाकरे ने पांच जून को ‘चलो अयोध्या’ का नारा दिया है और राज्य में अनेक स्थानों पर बड़े-बड़े बैनर लगाए गए हैं। भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को एक के बाद एक ट्वीट से राज ठाकरे पर हमला किया और उत्तर भारतीयों को अपमानित करने का अरोप लगाते हुए माफी की मांग की। उन्होंने ट्वीट किया, ’उत्तर भारतीयों को अपमानित करने वाले राज ठाकरे को अयोध्या की सीमा में घुसने नहीं दूंगा। अयोध्या आने से पहले सभी उत्तर भारतीयों से हाथ जोड़कर माफी मांगे राज ठाकरे।’ उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी ठाकरे से न मिलने की सलाह देते हुए लिखा, ’जब तक राज ठाकरे सार्वजनिक रूप से उत्तर भारतीयों से माफ़ी नहीं मांग लेते, मेरा आग्रह है तब तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को राज ठाकरे से नहीं मिलना चाहिए।’ उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में ठाकरे परिवार की भूमिका को नकारते हुए कहा, ’राम मंदिर आन्दोलन से लेकर मंदिर निर्माण तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिन्दू परिषद और आमजन की ही भूमिका रही है। ठाकरे परिवार का इससे कोई लेना देना नहीं।’

यह भी पढ़ें : राजद्रोह कानून को खत्म कर सकता है सुप्रीम कोर्ट?

यहां यह सवाल उठना लाजमी है कि भाजपा सांसद ने सीधे तौर पर मनसे प्रमुख को चेतावनी क्यों दी? दरअसल, जब शिवसेना में राजनीतिक हैसियत को लेकर संग्राम छिड़ा और राज ठाकरे को लगने लगा कि अब उनका करियर सुरक्षित नहीं है या आगे की राजनीतिक राह मुश्किल हो जाएगी तो उन्होंने अलग रास्ता चुना। राज ठाकरे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना नाम की पार्टी बनाई और उसे उसी आधार पर बढ़ाना शुरू किया जिस तरह से शिवसेना बढ़ी थी। राज ठाकरे ऐलान करने लगे कि महाराष्ट्र के विकास में उत्तर भारतीय बाधक हैं, उन्होंने नौकरियों पर कब्जा कर लिया है। उनकी वजह से स्थानीय लोगों को नौकरी नहीं मिल रही है। उनका विरोध इतना उग्र हुआ कि महाराष्ट्र के अलग अलग हिस्सों में हिंसा के रूप में सामने भी आया। कई जगहों पर उत्तर भारतीयों को निशाना बनाया गया, लेकिन बीतते समय के साथ-साथ राजनीतिक तौर पर उसका फायदा नहीं मिला और एक तरह से वह हासिए पर चले गए। अब जब उन्होंने पांच जून को अयोध्या जाकर राम लला के दर्शन की बात कही तो भाजपा सांसद ने उत्तर भारतीयों के खिलाफ हुए अत्याचारों की याद दिलाते हुए उनके हाथ जोड़कर माफी मांगे जाने तक अयोध्या में न घुसने देने का ऐलान कर दिया है। भाजपा सांसद ने राज ठाकरे के खिलाफ ऐसे समय पर मोर्चा खोला है, जब मनसे प्रमुख ने हाल ही में धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाने के लिए योगी सरकार की तारीफ की है। महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर विवाद को जन्म देने वाले राज ठाकरे से भाजपा की नजदीकी बढ़ने की चर्चा है। हालांकि, उत्तर भारतीयों को लेकर मनसे और राज ठाकरे का रुख जगजाहिर है, जिसकी वजह से भाजपा उन्हें साथ लेने में कतराती रही है। भाजपा को आशंका है कि महाराष्ट्र में राज ठाकरे से दोस्ती का उत्तर भारत में नुकसान हो सकता है। राज ठाकरे यूपी और बिहार के लोगों पर महाराष्ट्र में जाकर लोगों की नौकरी छीनने और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप लगाते रहे हैं।

यह भी पढ़ें : पांच जिलों के SP समेत नौ IPS बदले

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular