झांसी (हि.स.)। पिछले चार-पांच दिनों से रह-रहकर हो रही ओलावृष्टि और बारिश से फसलों का जबरदस्त नुकसान हुआ है। कहीं फसलें पानी से नीचे गिर कर सड़ रहीं हैं तो कहीं ओलावृष्टि से मिट्टी में मिल गई हैं। इस प्राकृतिक आपदा से चिंतित कई गांवों के किसान हाथों में बर्बाद फसल लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
कलेक्ट्रेट में बड़ी संख्या में हाथों में बर्बाद फसलों को लेकर किसान पहुंचे। इनमें बिजौली के सैय्यर, अतरियां, राजगढ़, रक्सा, बमेर, श्रीनगर, गढ़िया गांव सहित जिले के कई गांवों के किसान शामिल थे। किसानों ने अपना दुखड़ा सुनाते हुए बताया कि इस बेमौसम भारी बारिश और ओलावृष्टि से उनकी गेंहू, चना, मसूर सहित तमाम फसलें खराब हो गई। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। सभी किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की कि उन्हें बर्बाद फसलों का मुआवजा दिलाया जाए। बर्बाद फसल को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करने वाले किसानों को अधिकारियों ने जल्द मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
महेश
