Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहवाओं की बदली दिशाओं से कमजोर हुआ मानसून, सामान्य से अधिक हुआ...

हवाओं की बदली दिशाओं से कमजोर हुआ मानसून, सामान्य से अधिक हुआ तापमान

कानपुर (हि.स.)। हवाओं की दिशाएं बदलने से बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं कमजोर पड़ गई। इससे मानसून भी प्रभावित हुआ और हल्की बूंदाबांदी को छोड़ अब बारिश के आसार बहुत कम दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही तापमान में भी बढ़ोत्तरी होने लगी और सामान्य से अधिक पारा पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में आसमान में बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के साथ, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती जा रही हैं। कोमोरिन क्षेत्र के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी अंडमान सागर और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 88 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 52 प्रतिशत दर्ज की गई। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.0 किमी प्रति घंटा रही। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी सप्ताह हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहेगी किन्तु बारिश की कोई सम्भावना नहीं है।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular