Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहवाओं की धीमी पड़ी रफ्तार, सामान्य से अधिक तापमान बरकरार

हवाओं की धीमी पड़ी रफ्तार, सामान्य से अधिक तापमान बरकरार

12 और 13 मार्च को तेज हवाओं के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की वर्षा की संभावना

कानपुर (हि.स.)। सर्दी के बाद बसंत ऋृतु चल रही है और धीरे-धीरे तापमान भी बढ़ रहा है, जिससे रवी की फसलें परिपक्वता की ओर हैं। इस बीच मौसम में बदलाव भी जारी है और हवाओं की रफ्तार मंगलवार को धीमी पड़ गयी। वहीं सामान्य से अधिक तापमान बरकरार है। इससे वातावरण में बनी हुई नमी से उमस भरी गर्मी भी लोगों को परेशान करने लगी। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है और इससे तापमान में घटोत्तरी हो सकती है। 
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि उत्तर भारत में बना पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल गया है। हालांकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ आज से उत्तर भारत को प्रभावित करेगा। निचले स्तर पर एक ट्रफ रेखा मालदीव से केरल की उत्तरी तटीय भागों के बीच बनी हुई है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ पूर्वोत्तर भारत के राज्यों पर दिखाई दे रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात हो सकता है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश सहित पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ बौछारें जारी रहेंगी। नागालैंड में एक-दो जगहों पर वर्षा का अनुमान है। तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है। 10 से 12 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालयी राज्यों पर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां और तेज़ होने की उम्मीद है। इस अवधि के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।पंजाब में अगले तीन दिनों के दौरान तेज़ बारिश हो सकती है। उत्तरी हरियाणा में भी गर्जना के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश और इससे सटे पूर्वोत्तर राज्यों के ऊपर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। केरल से उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक एक ट्रफ बना हुआ है। कोमोरिन क्षेत्र से उत्तरी तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। 
बताया कि कानपुर परिक्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 82 फीसद और दोपहर की 44 फीसद दर्ज की गयी। हवा की दिशाएं उत्तर पूर्वी हैं जिनकी रफ्तार 4.4 किमी प्रति घंटा रही। इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लाक एवं जिला स्तर पर आसमान साफ में हल्के से मध्यम बादल छाये रहने के कारण 12 और 13 मार्च को तेज हवाओं के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की वर्षा की संभावना है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular